दो बरातों में दूल्हे रह गए कुंवारे, घोड़ी चढ़े पर नहीं ले सके फेरे, जानिए क्या रही वजह

इटावा और औरैया में आई दो बरातों में दूल्हे कुंवारे ही रह गए। दोनों दूल्हे घोड़ी चढ़े लेकिन फेरे नहीं ले सके, उन्हें उनकी मनमानी भारी पड़ गई। फेरे से पहले दूल्हों और उनके परिजनों की हरकत देखकर दुल्हनें नाराज हो गईं और शादी से इन्कार कर दिया। काफी मान मनौव्वल के बाद भी बात नहीं बनी और दोनों दूल्हों को बरात बैरंग ही वापस ले जानी पड़ी।

नशेबाजी ने बिगाड़ दिया सारा खेल

पहली घटना औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई। मैनपुरी के कस्बा कुसमरा गुड़ मंडी के युवक का रिश्ता थाना फफूंद क्षेत्र के गांव की युवती के साथ तय हुआ था। गुरुवार को औरैया स्थित एक गेस्ट हाउस में विवाह समारोह संपन्न हो रहा था। सभी रस्मों के साथ जयमाल होने तक सब कुछ ठीक रहा। मगर, सुबह दुल्हन ने यह कहते हुए फेरे लेने से इन्कार कर दिया कि दूल्हा शराब के नशे में है। दूल्हा आरोप को नकारता रहा लेकिन दुल्हन ने एक न सुनी।

दोनों पक्षों के रिश्तेदारों के मध्य चली पंचायत बेनतीजा रहा। इसके बाद पिता बिफरते हुए बेटी को लेकर गांव चले गए। यह देख वर पक्ष के लोग कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। दूल्हे ने बताया कि आरोप गलत है, उसके जेवर हड़प लिए गए हैं। उसने पुलिस से जेवर वापस कराने की गुहार लगाते हुए बताया कि साढ़े तीन लाख के जेवर व 40 हजार की साडिय़ां लाए थे। कोतवाल आलोक कुमार दुबे ने बताया कि लड़का दमन दीव में एक निजी कंपनी में अच्छे पैकेज पर कार्यरत है। कन्या पक्ष से कहा गया है कि आपस में बैठकर हिसाब-किताब कर लें, वरना विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

धोखाधड़ी से नाराज हो गई दुल्हन

बरात का स्वागत सत्कार व जयमाला कार्यक्रम निपटने के बाद दुल्हन ने फेरे लेने से इन्कार कर दिया। बसरेहर थाने के ग्राम राजपुर निवासी युवक बरात लेकर गुरुवार को इटावा भरथना थाना क्षेत्र के ग्राम नगला जलाल मौजा मंगूपुरा में आया था। यहां पर घरातियों ने बरातियों का स्वागत सत्कार किया। बैंड बाजे के साथ बरात दुल्हन के दरवाजे पहुंची। जहां पर दुल्हन ने दूल्हे को वरमाला पहनायी। दावत के बाद आधे से अधिक बरातियों के चले जाने के बाद दूल्हे के पिता द्वारा चढ़ावे का जेवर एवं कपड़े दुल्हन के घर भेजे गये। चढ़ावे में भेजे गये जेवर में एक हार, चार चूड़ी, कानों की झुमकी और मंगलसूत्र शामिल थे, जो नकली माने गये। जेवर देखकर दुल्हन ने धोखाधड़ी किये जाने पर नाराजगी जताई और दूल्हे के साथ फेरे लेने से इन्कार कर दिया।

दुल्हन के पिता ने जेवर की परख भरथना के मोहल्ला बालूगंज स्थित एक सर्राफ की दुकान से करवाए जिसमें जेवर नकली होने की पुष्टि की गई। दुल्हन का पिता उन जेवरों को लेकर वापस गांव पहुंचा और सारा वाकया दूल्हे के पिता के सामने रखा। बताया कि नकली जेवर देखकर उसकी लड़की शादी के लिए तैयार नहीं है। यह सुनकर दोनों पक्षों में वाद-विवाद होने लगा। घरातियों ने पूर्व प्रधान प्रतिनिधि होम ङ्क्षसह यादव एवं पुलिस को बुला लिया। दूल्हा व दुल्हन के पिता के बीच समझौता न होने पर पुलिस दूल्हे समेत दोनों पक्षों को थाना ले आयी, जहां पर भी दो घंटे तक समझौता वार्ता चलती रही लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला। थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप ङ्क्षसह ने बसरेहर के उस सर्राफ को बुला लिया है, जहां से दूल्हे के पिता ने शादी के लिए जेवर बनवाए थे। सर्राफ ने थाने में आकर बताया कि उससे पीतल के जेवर बनवाए गये थे।

Back to top button