दो दिवसीय दौरे पर जापान पहुंचे PM मोदी, शिंजो आबे साथ किया औद्योगिक रोबोट कंपनी का दौरा

भारत-जापान के बीच 13वें वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर टोक्यो पहुंचे हुए हैं. रविवार (28 अक्टूबर) को उन्होंने जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे से मुलाकात की. शिंजो आबे से मुलाकात करने को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि ये दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्ते में नया अध्याय जोड़ेगी. दोनों देशों के बीच आज (रविवार) से शुरू हो रहे दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की जाएगी और द्विपक्षीय रिश्तों को और मजबूत बनाने पर चर्चा होगी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा जापानी प्रधानमंत्री शिन्जो आबे रविवार को औद्योगिक रोबोट विनिर्माता कंपनी ‘फानुक’ के कारखाने गए. ये कारखाना तोक्यो के पश्चिम में यामानशी प्रीफेक्टचर में है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, आधुनिक प्रौद्योगिकी में हमारे बीच सहयोग को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिन्जो आबे फानुक कॉरपोरेशन के कारखाने गए. यह दुनिया में औद्योगिक रोबोट की सबसे बड़ी कंपनी है.
इससे पहले दिन में मोदी के होटल माउंट फूजी पहुंचने पर आबे ने उनका स्वागत किया. मोदी ने ट्वीट किया, ‘आबे से मिलकर काफी खुशी हुई.’ दोनों नेता बाग में साथ-साथ घूमे. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, शिंजो आबे के साथ पांचवें वार्षिक सम्मेलन के लिए टोक्यो पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया. दो दिन की यात्रा के दौरान मोदी और जापान के प्रधानमंत्री के बीच सुरक्षा मुद्दों पर बात हो सकती है.





