थाईलैंड और कंबोडिया के बीच थम जाएगा शिव मंदिर का विवाद? 

थाईलैंड और कंबोडिया के नेता सोमवार को मलेशिया में मुलाकात करेंगे और वहां पर संघर्षविराम पर वार्ता होगी। यह जानकारी मलेशिया के विदेश मंत्री मुहम्मद हसन ने दी है। शनिवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दोनों देशों के नेताओं से टेलीफोन पर वार्ता करके उनसे लड़ाई खत्म करने के लिए कहा था।

लड़ाई जारी रहने पर उन्होंने अमेरिकी व्यापार बंद करने की धमकी दी थी। थाईलैंड और कंबोडिया के नेताओं ने लड़ाई खत्म करने की उनकी सलाह के लिए शुक्रिया कहा है लेकिन मलेशिया में वार्ता करेंगे।

विदेश मंत्री हसन ने कहा, दोनों ही देशों ने शांति वार्ता का हमारा अनुरोध माना है और हमारी मध्यस्थता स्वीकार की है।

मलेशिया ने की मध्यस्थता की पेशकश

मलेशिया को उम्मीद है कि जल्द ही क्षेत्र में शांति स्थापित हो जाएगी। विदित हो कि मलेशिया के पास इस समय दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन आसियान की अध्यक्षता का दायित्व है।

वहां के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहीम ने गुरुवार को थाईलैंड और कंबोडिया में लड़ाई छिड़ने के बाद शांति की अपील की थी और मध्यस्थता की पेशकश की थी।

थाईलैंड के प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता जिरायु हुआंगसैप ने बताया कि थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचाइ मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहीम के निमंत्रण पर कुआलालंपुर जाएंगे और वहां पर क्षेत्र में शांति स्थापित करने के उपायों पर वार्ता करेंगे। जिरायु ने बताया है कि कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेत भी मलेशियाई प्रधानमंत्री की मध्यस्थता में होने वाली इस वार्ता में भाग लेंगे।

लड़ाई जारी, दो लाख लोग विस्थापित

सीमा पर स्थित शिव मंदिर के अधिकार को लेकर थाईलैंड और कंबोडिया के बीच लड़ाई रविवार को चौथे दिन भी जारी रही। दोनों ओर फायरिंग, राकेट प्रहार और गोलाबारी जारी रही। इस लड़ाई में अभी तक 33 लोग मारे गए हैं और दो लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हुए हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button