तालाब में मछुआरे के जाल में मछली की जगह आया 25 वर्षीय महिला का शव, मचा हडकंप

सुपौल जिले में एक मकई खेत के पास स्थित एक तालाब में मछली मार रहे मछुआरे के जाल में मछली की बजाय महिला का शव फंसने पर हड़कंप मच गया। घटना शनिवार सुबह बसंतपुर प्रखंड के बिशनपुर पंचायत नाथबाड़ी में सुबह की है। 25 वर्षीय महिला का शव मिलने से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह पोखर में मछली पकड़ने के क्रम में मछुआरों ने पोखर में जाल फेंका। कुछ देर के बाद जब मछुआरों ने जाल को पानी से बाहर खिंचा तो उसमें महिला का शव फंसा देखकर उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। हो-हल्ला होने पर घटनास्थल पर शव को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। बाद में लोगों ने बलुआ थाना को सूचना दी। सूचना मिलने पर बलुआ थाना अध्यक्ष बैजू कुमार अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचकर शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुट गए।
यह भी पढ़ें: 5 स्टार होटल में 24 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, जाने पूरा मामला
हालांकि खबर लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नही हो पायी। बीरपुर एएसपी रामानंद कौशल ने बताया कि प्रथम दृष्टया से लगता है महिला को कहीं और से लाकर इसकी गला दबाकर हत्या की गई है। इसके बाद उसके कमर में मिट्टी से भरे बोरे और गले में एक कपड़े में मिट्टी बांधकर पोखर के गहरे पानी में डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि इसको लेकर आसपास के थाने में सूचना दे दी गयी है ताकि शव की शिनाख्त में मदद मिल सके। उन्होंने बताया की पोस्टमार्टम होने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल पाएगा।