डायबिटीज़ के मरीज़ डायट में शामिल करें ये फल

डायबिटीज़ के मरीज़ों को खानपान का सबसे ज्यादा ख्याल रखना पड़ता है। उनके लिए तो यही उनकी दवा है कि वो खाने पीने को लेकर परहेज़ करें। इसी वजह से डॉक्टर से लेकर घर के दूसरे सदस्य डायबिटीज़ के मरीज़ को डायट से जुड़ी सलाह देते रहते हैं।

ख़ासतौर से खाने की उन चीज़ों के बारे में जो स्वाद में मीठी होती हैं। ऐसे में उन्हें फल खाने के लिए काफी सोचना पड़ता है, क्योंकि फलों में अच्छी खासी शुगर की मात्रा होती है। हालांकि इसका मतलब ये बिल्कुल भी नहीं है कि डायबिटीज़ होने पर फल खाना भूल जाना होगा। अगर आप डायबिटीज़ के मरीज़ हैं तो हम आपको बता रहे हैं कि आपकी डायट में किन फलों को शामिल किया जा सकता है।
पपीता
डायबिटीज़ के मरीज़ आमतौर पर पपीता नहीं खाते, क्योंकि ये पूरी तरह से मीठा फल होता है। लेकिन मीठेपन के अलावा, इस फल में कई सारे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, ख़ासतौर से विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स की भरपूर मात्रा पपीते में पाई जाती है। डायबिटीज़ के मरीज़ को भी इन पोषक तत्वों की जरूरत होती है। इसलिए वो पपीता खा सकते हैं। हालांकि पपीता सीमित मात्रा में ही खाएं।
केला
अगर आपको केला खाना बहुत पसंद है, तो डायबिटीज़ के मरीज़ हो जाने पर भी आप इसे खा सकते हैं। खुद को बहुत ज्यादा ललचाने से बचाने के लिए आप आधा केला खाएं। आपको संतुष्टि भी मिल जाएगी, और इतनी मात्रा से आपका ब्लड ग्लूकोज लेवल भी नहीं बढ़ेगा। लेकिन एक बात याद रखें, अगर कई दिनों से डायबिटीज़ कंट्रोल में न हो पा रही हो, तब केला न खाएं।
नाशपाती
मानसून के दिनों में बाज़ार में नाशपाती की बहार आ जाती है। ये फल ज्यादा महंगा नहीं होता, लेकिन इसमें काफी ज्यादा फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट होता है। ये आपका पेट भी देर तक भरा रख सकता है। ज्यादा तो नहीं, लेकिन आप आधी नाशपाती हर रोज़ खा सकते हैं।
जामुन
जामुन डायबिटीज़ के मरीज़ों के लिए अच्छा फल माना जाता है। ये ब्लड शुगर कंट्रोल करने में काफी मदद करता है। जामुन का ग्लासेमिक इंडेक्स कम होता है। हालांकि इस फल का सीज़न काफी छोटा होता है। लेकिन गर्मियों और बरसात के बीच जब भी आपको जामुन उपलब्ध हो, उसे ज़रूर खाएं। रोज़ तरकीबन 6 जामुन खाएं, आपको फायदा ही होगा।
संतरे
संतरे में विटामिन सी और फाइबर की भरपूर मात्रा होती है। ये फल आपका ब्लड ग्लूकोज़ लेवल कम करता है और इंसुलिन बढ़ाता है। डायबिटीज़ के मरीज़ हर रोज़ एक संतरा खा सकते हैं।
अनानास
अनानास में कैलोरी और ग्लाइसेमिक इंडेक्स दोनों ही काफी कम होता है। इसे खाने से ग्लूकोज़ अचानक नहीं बढ़ता। आप दो तीन टुकड़े अनानास के खा सकते हैं।
सेब
सेब में कैलोरी बहुत कम होती है और फाइबर ज्यादा। डायबिटीज़ के मरीज़ एक छोटा सेब रोज़ खा सकते हैं। कोशिश करनी चाहिए ग्रीन एप्पल खाने की, वो ज्यादा फायदेमंद साबित होता है।
अमरूद
डायबिटीज़ के मरीज़ों के लिए ज्यादा फाइबर वाले फल अच्छे होते हैं। अमरूम में फाइबर काफी मात्रा में होता है, वहीं इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है। इसके अलावा इसमें विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स भी ज्यादा होते हैं। डायबिटीज़ के मरीज़ अमरूद खा सकते हैं।
स्ट्रॉबेरी
फाइबर, विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर स्ट्रॉबेरी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाती हैं। डायबिटीज़ के मरीज़ एक कटोरी स्ट्रॉबेरी बिना झिझक के खा सकते हैं।
तरबूज़
तरबूज़ ब्लड ग्लूकोज लेवल कंट्रोल करने में मदद करता है। डायबिटीज़ के मरीज़ इसे खा सकते हैं। हालांकि कोशिश करें कि इसे दोपहर और शाम को ही खाएं। रात को तरबूज खाने आपको मतली महसूस हो सकती है।





