झांसी में बोले सीएम योगी, कहा- हम दिव्य और भव्य बुंदेलखंड का करेंगे निर्माण

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 15 फरवरी को प्रस्तावित झांसी का दौरा बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास की दृष्टि से बेहद अहम है। वे यहां डिफेंस कॉरिडोर की आधारशिला रखकर क्षेत्र के विकास की नींव तैयार करेंगे, तो वहीं पाइप पेयजल योजना का शिलान्यास कर यहां की पानी की समस्या का समाधान करेंगे। झांसी में बोले सीएम योगी, कहा- हम दिव्य और भव्य बुंदेलखंड का करेंगे निर्माण

बालाजी रोड पर स्थित भोजला मंडी में आए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पानी की कमी से बुंदेलखंड के लोगों के पलायन की बातें आए दिन सामने आती रहती हैं। इसके समाधान के लिए नौ हजार करोड़ रुपये की पाइप पेयजल योजना तैयार की गई है, जिसके माध्यम से तीन साल में हर गांव और हर घर में नलों के जरिये शुद्ध पानी पहुंचाया जाएगा। 

इसके अलावा रोजगार की दृष्टि से अहम डिफेंस कॉरिडोर की भी प्रधानमंत्री आधारशिला रखेंगे। झांसी आगमन पर प्रधानमंत्री रेलवे की कोच फैक्ट्री का भी शिलान्यास करेंगे। इनके अलावा भी पूर्ण हो चुकीं कई अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में ये सभी काम बहुत पहले हो जाने चाहिए थे, लेकिन इस क्षेत्र को हमेशा उपेक्षित रखा गया। लेकिन, अब आने वाले पांच सालों में बुंदेलखंड की तस्वीर एकदम बदल जाएगी। बुंदेलखंड बदल रहा है और विकास की ओर बढ़ रहा है। इस दिशा में प्रधानमंत्री का 15 फरवरी का दौरा बेहद महत्वपूर्ण है।

झांसी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने पार्टी के पदाधिकारियों और झांसी व चित्रकूट मंडल के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियां जानीं। साथ ही पीएम की जनसभा स्थल का भी जायजा लिया।

Back to top button