जॉ लाइन को शार्प बनाने में कितने असरदार हैं Gua Sha और Facial Roller जैसे टूल्स?

परफेक्ट जॉ लाइन और स्लीक फेस आज हर किसी की चाहत में शामिल है। चेहरे को शेप में लाने के लिए ‘गुआ शा’ और ‘फेशियल रोलर’ का चलन भी खूब बढ़ गया है, लेकिन क्या सच में ये टूल्स काम भी करते हैं?
हैदराबाद की जानी-मानी मैक्सिलोफेशियल सर्जन डॉ. यशी मिश्रा ने ‘पबमेड’ में छपी एक रिसर्च के जरिए इस सवाल का वैज्ञानिक ढंग से जवाब दिया है। आइए आसान शब्दों में समझते हैं कि यह रिसर्च क्या कहती है और आपके लिए कौन-सा ऑप्शन बेहतर है।
रिसर्च में क्या सामने आया?
इस दिलचस्प शोध में मुख्य रूप से चेहरे की तीन चीजों को परखा गया- चेहरे का आकार, त्वचा का लचीलापन और मांसपेशियों की स्थिति।
इस स्टडी के लिए 34 महिलाओं को चुना गया और उन्हें दो बराबर हिस्सों में बांटा गया। आठ हफ्तों तक 17 महिलाओं ने रोजाना ‘गुआ शा’ का इस्तेमाल किया, जबकि बाकी 17 ने ‘फेशियल रोलर’ का यूज किया। इसके बाद तीन अलग-अलग खास मशीनों की मदद से इनके चेहरों पर आए बदलावों को बारीकी से मापा गया।
चेहरे को शेप देने में क्या रहा सबसे आगे?
इस रिसर्च के नतीजे काफी चौंकाने वाले रहे। बता दें, लगातार 8 हफ्ते के इस्तेमाल के बाद दोनों ही टूल्स ने फेस फैट को कम करने में मदद की:
गुआ शा का इस्तेमाल करने वाली महिलाओं के फेस कॉन्टूर में लगभग 2 मिलीमीटर की कमी देखी गई।
फेशियल रोलर का इस्तेमाल करने वाली महिलाओं में यह बदलाव थोड़ा ज्यादा, यानी 3 मिलीमीटर तक पाया गया।
दोनों के काम करने का तरीका है बिल्कुल अलग
भले ही दोनों टूल्स चेहरे के लिए फायदेमंद हैं, लेकिन इनके असर करने का तरीका अलग-अलग है:
फेशियल रोलर
अगर आप अपनी त्वचा का लचीलापन बढ़ाना चाहते हैं, तो यह टूल आपके लिए बेहतरीन है। यह चेहरे पर खून के बहाव को तेज करता है। इससे त्वचा में कोलेजन और फाइब्रोब्लास्ट का प्रोडक्शन तेजी से बढ़ता है, जो एक जवां और टाइट स्किन के लिए बहुत जरूरी है।
गुआ शा
दूसरी ओर, गुआ शा स्किन की ऊपरी लेयर के बजाय चेहरे की भीतरी परतों पर कमाल का असर दिखाता है। रिसर्च के अनुसार, यह फेशियल मसल्स की टोन में सुधार करता है और दिन भर की थकान के बाद मांसपेशियों को रिलैक्स करने में बहुत ज्यादा कारगर है।
अगर आपको त्वचा में कसाव और बेहतर ब्लड सर्कुलेशन चाहिए, तो फेशियल रोलर चुनें, लेकिन अगर आप चेहरे की मांसपेशियों की गहराई से मसाज करके उन्हें आराम देना चाहते हैं, तो ‘गुआ शा’ आपके लिए सही ऑप्शन है।




