जीत के साथ राजस्थान-दिल्ली टॉप पर, गुजरात की बैक टू बैक हार से बदली अंक तालिका

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का पहला डबल हेडर मुकाबला शनिवार को खेला गया। इसके बाद प्वाइंट्स टेबल में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दिन के पहले मुकाबले में मेजबान दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को एकतरफा मुकाबले में 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। शाम को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुई टक्कर में राजस्थान रॉयल्स ने हाई स्कोरिंग मैच में गुजरात टाइटंस पर 6 रन से विजय प्राप्त की।
जीत के बाद राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स ने अंक तालिका में छलांग लगाई है और दोनों टीम टॉप-2 में पहुंच गई हैं। नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या के बिना उतरी मुंबई को इस सीजन की पहली हार मिली है। वहीं शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में उतरी गुजरात का तो इस सीजन खाता भी नहीं खुला है।
IPL 2026 प्वाइंट्स टेबल
राजस्थान रॉयल्स: 2 मैच, 2 जीत- 4 अंक, नेट रन रेट: +2.233
दिल्ली कैपिटल्स: 2 मैच, 2 जीत- 4 अंक, नेट रन रेट: +1.170
पंजाब किंग्स: 2 मैच, 2 जीत- 4 अंक, नेट रन रेट: +0.637
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: 1 मैच, 1 जीत- 2 अंक, नेट रन रेट: +2.907
सनराइजर्स हैदराबाद: 2 मैच, 1 जीत- 2 अंक, नेट रन रेट: +0.469
मुंबई इंडियंस : 2 मैच, 1 जीत- 2 अंक, नेट रन रेट: -0.206
गुजरात टाइटंस : 2 मैच, 2 हार- 0 अंक, नेट रन रेट: -0.424
लखनऊ सुपर जायंट्स : 1 मैच, 1 हार- 0 अंक, नेट रन रेट: -1.397
कोलकाता नाइटराइडर्स : 2 मैच, 2 हार- 0 अंक, नेट रन रेट: -1.964
चेन्नई सुपर किंग्स : 2 मैच, 2 हार- 0 अंक, नेट रन रेट: -2.562
शतक से चूके समीर
शनिवार को खेले गए पहले मैच में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव (51) ने अर्धशतक लगाया। उनके अलावा कप्तान रोहित शर्मा ने 35 और नमन धीर ने 28 रन की पारी खेली। 163 रन के टारगेट को दिल्ली ने 11 गेंद शेष रहते चेज कर लिया। प्लेयर ऑफ द मैच समीर रिजवी ने इस चेज को आसान बना दिया। उन्होंने 7 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 51 गेंदों पर 90 रन जड़ दिए। पथुम निसांका ने 44 रनों का योगदान दिया।
शाम में हुआ हाई स्कोरिंग मैच
टॉप ऑर्डर के दमदार प्रदर्शन की बदौलत राजस्थान ने तय ओवर में 210 रन का स्कोर खड़ा किया। यशस्वी जायसवाल (55) और ध्रुव जुरेल (75) के बल्ले से फिफ्टी निकली। वहीं युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने 18 गेंदों पर 31 रन का कैमियो प्ले किया। जवाब में साई सुदर्शन के अर्धशतक के बाद भी गुजरात टाइटंस 204 रन तक ही पहुंच सकी। आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए 11 रन बनाने थे। तुषार देशपांडे ने सटीक गेंदबाजी की और 4 रन ही खर्च किए। रवि बिश्नोई के खाते में 4 विकेट आए और वह मैच के हीरो रहे।





