जम्मू एयरपोर्ट पर मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं: अब टिकट नहीं, चेहरा बनेगा पहचान

एयरपोर्ट पर अब यात्रियों को हाईटेक सुविधाएं मिलेंगी। रविवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने इन सुविधाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना है। साथ ही सेवाओं में सुधार करते हुए डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देना है।
डिजी यात्रा अत्याधुनिक पहल है जो फेशियल रिकग्निशन टेक्नोलॉजी का उपयोग करते हुए यात्रियों को पेपरलेस एवं संपर्क रहित हवाई यात्रा का अनुभव प्रदान करती है। इस प्रणाली के अंतर्गत यात्री अपने चेहरे को ही बोर्डिंग पास के रूप में प्रयोग करते हुए प्रवेश द्वार, सुरक्षा जांच और बोर्डिंग गेट सहित विभिन्न चरणों से गुजर सकते हैं। यह प्रणाली सेल्फ-सॉवरेन आइडेंटिटी के सिद्धांत पर आधारित है।
पुस्तक एक हवाई अड्डे से पढ़ने के बाद दूसरे पर छोड़ी जा सकेगी
फ्लाइब्रेरी – विमानन क्षेत्र की एक नवीन अवधारणा है जो यात्रियों के बीच पठन संस्कृति एवं ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देती है। यह पारंपरिक पुस्तकालयों से भिन्न एक सामुदायिक मॉडल पर आधारित है। यात्री एक हवाई अड्डे से पुस्तक लेकर दूसरे हवाई अड्डे पर छोड़ सकता है। इससे यात्रा और रोचक होगी।
बच्चों के खेलने का होगा मैदान किड्स प्ले एरिया
बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों की सुविधा के लिए एक समर्पित किड्स प्ले एरिया विकसित किया गया है। इसमें खेल सुविधाएं मिलेंगी। अभिभावक बच्चों को यहां पर खेलने के लिए छोड़ सकेंगे। इससे बच्चों को खेलने का अनुकूल माहौल मिलेगा।
निशुल्क वाईफाई का लाभ
निशुल्क वाईफाई का उठाएंगे लाभ एयरपोर्ट पर निशुल्क वाईफाई सेवा मिलेगी। यात्री ऑनलाइन उड़ान की जानकारी ले सकेंगे। इसके अलावा इंटरनेट के माध्यम से अन्य महत्वपूर्ण जानकारी भी हासिल कर सकेंगे।
यह होगा लाभ
हवाई अड्डे पर निर्बाध यात्री आवागमन सुनिश्चित करते हुए प्रतीक्षा समय एवं भीड़ में कमी होगी। सरकारी डिजिटल पहचान से जुड़ी बायोमीट्रिक आधारित सिंगल टोकन यात्रा प्रणाली जो रियल टाइम पहचान सत्यापन के माध्यम से सुरक्षा को सदृुढ़ बनाती है। यह पहल डिजिटलीकरण और स्मार्ट हवाई अड्डा संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
रोजगार के अवसर पैदा होंगे
स्थानीय कारीगरों को सशक्त बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य समावेशी आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है। इस मंच के माध्यम से स्थानीय कारीगरों एवं स्वयं सहायता समूहों को हवाई अड्डे पर प्रमखु स्थान उपलब्ध कराए जाएंगे।
किफायती खानपान की मिलेगी सुविधा
उड़ान यात्री कैफे के माध्यम से किफायती खानपान की सुविधा यात्रियों को मिलेगी। यहां पर पानी की बोतल, चाय दस-दस रुपये में, काॅफी 20 तो मिठाई और समोसा 20-20 रुपये में मिलने से यात्रियों को ज्यादा खर्च नहीं करना पड़ेगा।





