जब ‘निरहुआ’ के सपने में आए मुलायम सिंह यादव……..

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन देश के सभी बड़े नेताओं ने खुद की जीत को पुख्ता करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया। वहीं, प्रत्याशियों के साथ ही स्टार प्रचारक भी तपती धूप में पार्टी की जीत की जुगत लगाते रहे। आजमगढ़ के रण में हाथ आजमाने के बाद भाजपा के स्टार प्रचारक दिनेश लाल यादव उर्फ ‘निरहुआ’ शुक्रवार को बलिया के सलेमपुर की सीट पर प्रचार करने पहुंचे थे। पढ़ें आगे की स्लाइड्स में…

भीमपुरा के रामकरन इंटर कॉलेज के मैदान में प्रत्याशी रविन्द्र कुशवाहा के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए ‘निरहुआ’ ने कहा कि मेरे सपने में मुलायम सिंह यादव आये थे। उन्होंने कहा कि तुम्हारा अखिलेश के खिलाफ चुनाव लड़ना सही है। वो मेरी बात ही नहीं सुनता। मेरे लाख मना करने के बाद भी गठबंधन कर लिया। ‘निरहुआ’ ने कहा कि 23 मई को देश सभी मोदी विरोधियों को जवाब दे देगा।
‘निरहुआ’ ने कहा कि गठबंधन वाले चुनाव हार चुके हैं। बस 23 मई का इंतजार कीजिए। अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वो अपने पिता की कुर्सी और सीट दोनों ही छीन चुके हैं। ‘निरहुआ’ ने लोगों से अपील की कि मोदी जी की वजह से आज देश हर क्षेत्र में विकास के पथ पर अग्रसर हुआ है। भोजपुरी में भाषण देते हुए कहा कि आप कहीं भी किसी भी भाषा में लेखनी करें लेकिन बातचीत भोजपुरी में ही करें। एक दिन अपनी भी मातृ भाषा का दिन आएगा। ‘निरहुआ’ ने कहा कि चुनाव में ममता दीदी और अखिलेश भैया हार चुके हैं। इसलिए बौखलाहट में कुछ भी बोल देते हैं।
मंच पर आते ही ‘निरहुआ’ ने सभी का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। अपने फिल्मी गुरु बेल्थरारोड के प्रधान संघ के अध्यक्ष आलोक सिंह को ही राजनीतिक गुरु बताया। कहा कि राजनीति में भी इनके जरिए ही मैंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इन्होंने आजमगढ़ में पूरे एक माह रहकर मेरे चुनाव में भरपूर सहयोग करते हुए मार्ग दर्शन किया।
‘निरहुआ’ के मंच पर आते ही मंच खचाखच भर गया। मंच को असंतुलित देखते हुए संचालनकर्ता लोगों को मंच खाली करने की अपील करने लगे। यही नहीं, न सुनने पर मंच से हाथ पकड़कर भी लोगों को उतारना पड़ा। वहीं नेता भी ‘निरहुआ’ के साथ सेल्फी लेने को बेताब दिखे। यहां तक की हेलीपैड तक लोग सेल्फी के लिए दौड़ लगाते रहे।
दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने शुक्रवार को सोनभद्र के दक्षिणांचल ग्रामोदय इंटर कॉलेज बभनी परिसर में चुनावी सभा की। ‘निरहुआ’ ने अपना दल (एस), भाजपा, निषाद पार्टी के संयुक्त प्रत्याशी पकौड़ी लाल कोल के समर्थन में वोट मांगा। इस दौरान ‘निरहुआ’ ने कहा कि हम हिंदुस्तान में पैदा हुए हैं और हिंदुस्तानी है। जनता जाति-पाति से हटकर मतदान करे। ‘निरहुआ’ ने कहा कि जातिवादी संगठन सही है, लेकिन जातिवाद का दुरुपयोग न करें।
‘निरहुआ’ ने कहा कि धर्म के रास्ते पर चलने वालों का हम सम्मान करते हैं, लेकिन अधर्म के रास्ते पर चलने वालों के खिलाफ लड़ेंगे। 12 मिनट के संबोधन में निरहुआ ने अखिलेश यादव के लिए कहा कि वे हमारे बड़े भाई हैं, जो बिरादरी को लेकर खड़े हैं और संगठन की बात करते हैं। उन्हें अकेले चुनाव लड़ना चाहिए या फिर प्रधानमंत्री का साथ देना चाहिए था। कहा कि घोटालेबाज मोदी से घबरा गए हैं। चुनाव के बाद महागठबंधन टूट जाएगा। कहा, मैं यदुवंशी हूं और मेरे अंदर श्रीकृष्ण का खून दौड़ रहा है।





