जंगल सफारी का है प्लान? तो इन नियमों को न करें अनदेखा

जंगल सफारी पर जाना किसी रोमांचक फिल्म का हिस्सा बनने जैसा है, जहां आप और कुदरत आमने-सामने होते हैं। लेकिन अक्सर लोग जंगल को एक पिकनिक स्पॉट समझ लेते हैं, जिससे न केवल सफारी का एक्सपीरिएंस खराब होता है, बल्कि वन्यजीवों के लिए भी खतरा पैदा होता है।

अगर आप इस सीजन में बाघों की दहाड़ सुनने या घने जंगलों की शांति महसूस करने का प्लान बना रहे हैं, तो यहां कुछ जरूरी बातें दी गई हैं जो आपकी सफारी को यादगार बनाएंगी।

जंगल सफारी पर क्या जरूर करें?
पूरी रिसर्च करें- सफारी पर निकलने से पहले उस नेशनल पार्क के बारे में अच्छे से सारी जानकारी ले लें। वहां किस तरह के जानवर मिलते हैं? सफारी के लिए सबसे अच्छा जोन कौन सा है? बुकिंग कैसे करवानी है, वहां रुकने की जगह आदि के बारे में सब पता कर लें। साथ ही, अपनी बुकिंग पहले से करा लें ताकि लास्ट मिनट में आपको निराश न होना पड़े।
सही कपड़े चुनें- जंगल में चटकीले रंग जैसे लाल या पीला पहनने से बचें, क्योंकि ये जानवरों को विचलित कर सकते हैं। खाकी, ऑलिव ग्रीन या भूरे जैसे अर्थी टोन्स पहनें जो जंगल के रंगों में मिल जाएं। धूल और धूप से बचने के लिए पूरी बाजू के कपड़े और कैप साथ रखें।
गाइड की बात सुनें- सफारी गाइड और ड्राइवर जंगल को आपसे बेहतर जानते हैं। वे जानवरों की आवाज और पैरों के निशानों को पढ़ सकते हैं। वे जब रुकने या शांत रहने को कहें, तो उनकी बात को गंभीरता से लें।
जरूरी सामान साथ रखें- अपनी पानी की बोतल, सनस्क्रीन, दूरबीन और सनग्लासेस साथ रखें। याद रखें कि जंगल के भीतर कोई दुकान नहीं मिलेगी, इसलिए अपनी दवाइयां और हल्के-फुलके स्नैक साथ ले जाना समझदारी है। अपने स्नैक्स गाड़ी के अंदर ही रखें, बाहर न निकालें।
शांति बनाए रखें- जंगल की खूबसूरती उसकी शांति में है। ऊंची आवाज में बात करना या म्यूजिक बजाना वन्यजीवों को डरा सकता है, जिससे वे छिप जाते हैं या आप पर हमला कर सकते हैं। जितना शांत आप रहेंगे, जानवरों के दिखने की संभावना उतनी ही बढ़ जाएगी।

सफारी पर किन गलतियों से बचें?
जानवरों को खाना न खिलाएं- यह कोई चिड़ियाघर नहीं है। इंसानी खाना जानवरों की सेहत बिगाड़ सकता है और उन्हें इंसानों के करीब आने का आदी बना सकता है, जो खतरनाक है।
इसे चिड़ियाघर न समझें- जंगल में जानवरों के दिखने की कोई गारंटी नहीं होती। सफारी का मतलब सिर्फ बाघ देखना नहीं, बल्कि पूरे ईकोसिस्टम का आनंद लेना है। बाघ नहीं दिखा सोचकर अपना मूड खराब न करें।
गाड़ी से बाहर न झुकें- जोश में आकर या बेहतर फोटो के लिए जिप्सी से बाहर निकलना या पैर बाहर लटकाना जानलेवा हो सकता है। जंगली जानवर काफी अनप्रिडिक्टेबल होते हैं। इसलिए अपनी सुरक्षा से समझौता न करें।
सिर्फ कैमरे के पीछे न रहें- हम अक्सर परफेक्ट शॉट लेने के चक्कर में उस पल को जीना भूल जाते हैं। अपनी आंखों से उस विशाल नजारे को देखें। हर चीज रिकॉर्ड करने के बजाय कुछ पल जंगल की खुशबू और आवाजों को महसूस करने के लिए रखें।
कचरा न फैलाएं- प्लास्टिक की बोतलें या रैपर्स जंगल में न फेंकें। आप वहां मेहमान हैं, जानवरों के घर को गंदा न करें।

Back to top button