चुनाव कराने का एकदम अनोखा अंदाज, जानकर आप भी हैरत में पड़ जाएंगे

शहर में कमेटियां तो बहुत हैं और उनके पदाधिकारियों के लिए चुनाव भी होते हैं। लेकिन, इन सबके बीच एक कमेटी ऐसी भी है, जिसका चुनाव कराने का अंदाज एकदम अनोखा है। इस चुनाव के बारे में सुनने वाले हैरत में पड़ जाते हैं। जी हां, क्योंकि इस चुनाव में कोई प्रत्याशी नहीं होता है लेकिन वोट पड़ते हैं। इसका हर एक मतदाता ही एक प्रत्याशी की तरह होता है। ऐसे में मन में एक सवाल उठना लाजमी है, फिर आखिर किस तरह से चुनाव होता है। आइए इस अनोखे चुनाव की प्रक्रिया से आपको भी अवगत कराते हैं…।

श्रीकानपुर सराफा कमेटी चौक का चुनाव

शहर के सराफा बाजार की पहचान दूर-दूर तक है। बड़े शोरूम से लेकर छोटी दुकानों तक का बाजार यहां पर है। इसी में एक श्री कानपुर सराफा कमेटी भी है। चौक बाजार की इस कमेटी का चुनाव सोमवार दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ। जबरदस्त उत्साह के बीच शुरू हुआ मतदान शाम को चार बजे तक चला। इस कमेटी के चुनाव की प्रक्रिया एकदम अलग है। इसमें कोई प्रत्याशी नहीं होता है। कमेटी के सदस्य मतदाता होते हैं और वोट डालते हैं।

ये है चुनाव की प्रक्रिया

चौक बाजार की इस कमेटी में 168 सदस्य हैं। यही सदस्य कमेटी के के चुनाव में प्रत्याशी होते हैं। सभी सदस्यों को 17 लोगों के नाम के सामने चिह्नित करना होता है। यदि कोई सदस्य इससे कम या ज्यादा लोगों को चिह्नित कर देता है तो उसका वोट अवैध माना जाता है। यहां सभी मतदाता खुद प्रत्याशी ही होते हैं। वोट की गणना में जिन 17 लोगों को सबसे ज्यादा सदस्य चुनते हैं, वो ही पदाधिकारी बनते हैं। ये पदाधिकारी कमेटी के चार मनोनीत सदस्य चुनते हैं। इसके बाद ये 21 पदाधिकारी ही अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, आडिटर, सरपंच के पद पर चुनाव करते हैं। उपाध्यक्ष पद पर दो और पंच के लिए चार पदाधिकारी होंगे बाकी कार्यकारिणी सदस्य होते हैं।

दो वर्ष के कार्यकाल के लिए चुनाव

यह पहला मौका है जब चौक सराफा का चुनाव दो वर्ष के कार्यकाल के लिए हो रहा है। इससे पहले कमेटी एक वर्ष के कार्यकाल की रही है। चालू कार्यकाल में ही कमेटी ने निर्णय लिया था कि एक वर्ष में तमाम कार्य पूरे नहीं हो पाते हैं, इसलिए कार्यकाल को दो वर्ष के लिए किया जाएगा। पहली बार कार्यकाल जुलाई से दो वर्ष बाद जून के लिए होगा। अभी कार्यकाल जनवरी से दिसंबर के बीच होता था। कमेटी चुनाव में देर शाम मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। आयकर रिटर्न फाइल करने की वजह से समय बदला गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button