चीनी सैन्य अधिकारियों को CIA ने दिया खुलेआम मुखबिरी का ऑफर

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की ओर से सत्ता संभालने के बाद से भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कई सैन्य अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस हालात का फायदा उठाने के लिए अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए ने ऐसे अधिकारियों को मुखबिरी का खुलेआम आफर दिया है। इस पर चीन आग बबूला हो गया है।
सीआईए ने इसे लेकर अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो में चीन के एक निराश काल्पनिक मध्यम स्तर के सैन्य अधिकारी को दर्शाया गया है। वीडियो में अधिकारी मंदारिन भाषा में कहता है, ”नेतृत्व क्षमता रखने वाला कोई भी व्यक्ति संदेह के घेरे में आ जाता है और उसे बेरहमी से खत्म कर दिया जाता है।”
पहुंच फिर से मजबूत करने की कोशिश
इससे पहले पिछले साल वीडियो जारी कर सीआईए ने उनसे सुरक्षित रूप से संपर्क करने के तरीकों के बारे में चीनी भाषा में जानकारी दी थी। सीआईए निदेशक जान रैटक्लिफ ने कहा कि एजेंसी के वीडियो कई चीनी नागरिकों तक पहुंच चुके हैं और यह चीनी सरकारी अधिकारियों को एक उज्जवल भविष्य की दिशा में मिलकर काम करने का अवसर प्रदान करना जारी रखेगी।
एक सीआईए अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, ”हमारे पिछले वीडियो लाखों लोगों तक पहुंचे और नए लोगों को प्रेरित किया।” हालांकि, उन्होंने कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
दरअसल, सीआईए चीन का मुकाबला करने के लिए भारी निवेश कर रही है। वर्ष 2010-2012 के बीच बीजिंग द्वारा कई अमेरिकी एजेंटों को खत्म करने या कैद करने के बाद से इसकी पहुंच कम हुई है, जिसे फिर से मजबूत करने की कोशिश है।





