चीन ने अमेरिका को दिया एक और झटका, अब अधिकारियों पर लगाए प्रतिबंध

अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वार जारी है। दोनों देश एक दूसरे पर भारी टैरिफ लगा रहे हैं। इसका सीधा असर वैश्विक बाजार पर देखने को मिल रहा है। इस बीच चीन एक बड़ा एलान किया है। दरअसल, चीन के विदेश मंत्रालय ने घोषणा की है कि चीन उन अमेरिकी अधिकारियों, सांसदों और गैर-सरकारी संगठनों के नेताओं पर प्रतिबंध लगाएगा, जिनके बारे में उसका कहना है कि उन्होंने हांगकांग के मुद्दों पर खराब प्रदर्शन किया है।

अमेरिका ने छह चीनी अधिकारियों पर लगाया था प्रतिबंध

जानकारी दें कि इसी साल मार्च के महीने में अमेरिका ने छह चीनी और हांगकांग अधिकारियों पर प्रतिबंध लगा दिए थे, जिन पर आरोप था कि वे अंतरराष्ट्रीय दमन में शामिल थे और शहर की स्वायत्तता को और अधिक नुकसान पहुंचाने वाले कार्यों में शामिल थे।

जिन अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाया गया था उनमें न्याय सचिव पॉल लैम, सुरक्षा कार्यालय निदेशक डोंग जिंगवेई और पूर्व पुलिस आयुक्त रेमंड सिउ शामिल थे। अब अमेरिका के खिलाफ जवाबी कार्रवाई में चीन ने कहा कि हम इन कृत्यों की कड़ी निंदा करते हैं।

चीन ने US पर लगाए अंतरराष्ट्रीय कानूनों के उल्लंघन के आरोप

चीनी विदेश मंत्री ने एक बयान में कहा कि अमेरिका ने हांगकांग के मामलों में गंभीर रूप से हस्तक्षेप किया है और अंतरराष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि चीन ने हांगकांग से संबंधित मुद्दों पर खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और एनजीओ नेताओं पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह प्रतिक्रिया विदेशी प्रतिबंध विरोधी कानून के अनुसार की गई है। हालांकि उन्होंने इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी कि किसे निशाना बनाया जा रहा है।

दोनों देशों के बीच गहरा सकता है विवाद

चीनी विदेश मंत्रालय के बयान के बाद यह स्पष्ट है कि अमेरिका और चीन के बीच हांगकांग मुद्दे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच टकराव बढ़ सकता है।

Back to top button