चीन गए विदेशियों के भारत में आने पर रोक, सभी एयरलाइंस को जारी सर्कुलर

देश में कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को रोकने के लिए सरकार लगातार कोशिश कर रही है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने कहा है कि 15 जनवरी को या उसके बाद चीन गए विदेशियों को भारत में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

डीजीसीए ने सभी एयरलाइंस को जारी सर्कुलर में स्पष्ट तौर पर कहा है कि पांच फरवरी से पहले चीनी नागरिकों को जारी वीजा को रद कर दिया गया है। हालांकि, चीन से आने वाले विमान के चालक दल में शामिल चीनी या विदेशी नागरिकों को इस पाबंदी से मुक्त रखा गया है।
18,084 लोगों की स्क्रीनिंग
मुंबई में अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर शनिवार तक 18,084 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। महाराष्ट्र में पिछले दो दिनों में पुणे समेत अन्य जगहों पर 31 वर्षीय चीनी नागरिक समेत जिन छह लोगों को भर्ती कराया गया था, उनमें कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। चीनी नागरिक को दिल्ली से पुणे की उड़ान के दौरान उल्टी होने के बाद शुक्रवार को अस्पताल में लाया गया था। इनको मिलाकर 18 जनवरी के बाद से श्राज्य में कुल 35 मामले संदिग्ध मिले थे, इनमें से 30 लोगों की जांच निगेटिव आई है। जबकि, पांच लोगों की जांच रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। शनिवार की शाम को पुणे के नायडू अस्पताल में 26 साल के एक अन्य युवक को भर्ती कराया गया। यह युवक हाल ही में हांगकांग और सिंगापुर होते हुए फिलीपींस से भारत लौटा था।
यह भी पढ़ें: बड़ी खबर: इस देश में 1 हाथी मारने की कीमत 31 लाख, सरकार ने जारी किया लाइसेंस
वुहान से लौटे छात्रों में नहीं मिला कोरोना वायरस का लक्षण
चीन के हुबेई प्रांत में फंसे कोच्चि के 15 छात्र लौट आए हैं। इनमें से किसी में भी कोरोना वायरस के लक्षण नहीं पाए गए हैं। डॉक्टरों ने खून के सैंपल लेने के बाद इन्हें घर भेज दिया है और इनसे घरों में रहने को कहा गया है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने बताया कि राज्य में 3,114 लोगों पर नजर रखी जा रही है। इनमें से मामूली लक्षण पाए जाने पर 45 लोगों को अस्पतालों में रखा गया है। जबकि, शेष लोगों को उनके घरों में निगरानी में रखा गया है।
नगालैंड में 42 लोगों की निगरानी
पूर्वोत्तर के राज्य नगालैंड में भी चीन और अन्य देशों से आए 42 लोगों को निगरानी में रखा गया है। इनमें से सात लोगों को उनके घरों में ही आइसोलेशन में रखा गया है। विधानसभा में सरकार ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस का कोई केस नहीं मिला है।
ब्राजील ने भारतीय को वुहान से निकाला
ब्राजीली वायु सेना के विमान ने वुहान से एक भारतीय को सुरक्षित निकाला है। राजनयिक सूत्रों ने ताया कि भारतीय को पोलैंड ले जाया गया है। ब्राजील ने अपने नागरिकों को निकालने के लिए वायु सेना के दो विमान वुहान भेजे थे।





