चलती ट्रेन की छत पर दौड़ लगा रही थीं लड़कियां, गेम खेलने के चक्कर में फिसला पैर

यह हादसा आधी रात के बाद करीब 3 बजकर 10 मिनट पर हुआ। न्यूयॉर्क पुलिस को जब इसकी जानकारी मिली तो तुरंत टीम मौके पर पहुंची। वहां दोनों लड़कियां बेहोश पड़ी थीं।
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। ब्रुकलिन के विलियम्सबर्ग इलाके में देर रात चार लड़कियां मेट्रो ट्रेन पर खतरनाक स्टंट कर रही थीं। इस स्टंट को “सबवे सर्फिंग” कहा जाता है, जिसमें युवा ट्रेन की छत या बाहर खड़े होकर सफर करने की कोशिश करते हैं। इस दौरान संतुलन बिगड़ जाने से दो लड़कियां ट्रेन से नीचे गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। तो आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह हादसा आधी रात के बाद करीब 3 बजकर 10 मिनट पर हुआ। न्यूयॉर्क पुलिस को जब इसकी जानकारी मिली तो तुरंत टीम मौके पर पहुंची। वहां दोनों लड़कियां बेहोश पड़ी थीं। मेडिकल टीम ने जांच की तो पुष्टि हुई कि उनकी मौत हो चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक मृत लड़कियों की उम्र केवल 13 से 15 साल के बीच थी। इतनी कम उम्र में जान गंवाने वाली इस घटना ने सभी को झकझोर दिया है।
ट्रेन की छत पर चढ़कर स्टंट कर रही थीं लड़कियां
पुलिस का कहना है कि चारों लड़कियां सबवे ट्रेन की छत पर चढ़ी हुई थीं और मोबाइल फोन से वीडियो बना रही थीं। माना जा रहा है कि वे सोशल मीडिया पर यह वीडियो डालने के इरादे से ऐसा कर रही थीं। लेकिन यह जोखिम उनके लिए जानलेवा साबित हुआ। ट्रेन के चलने के दौरान संतुलन बिगड़ते ही दोनों किशोरियां नीचे गिर गईं। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह कोई पहला मामला नहीं है। सिर्फ इसी साल अब तक तीन लोगों की जान सबवे सर्फिंग की वजह से जा चुकी है। इसके अलावा 114 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है, जो इस तरह की खतरनाक हरकत करते हुए पकड़े गए।
लोगों में फैल रहा है ये ट्रेंड
यह ट्रेंड युवाओं के बीच तेजी से फैल रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में कई लड़के-लड़कियां अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। लेकिन दुख की बात यह है कि उन्हें इसके खतरों का अंदाजा तब तक नहीं होता जब तक कोई हादसा न हो जाए। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उनका कहना है कि बच्चों को सोशल मीडिया का चाव तो है, लेकिन समझदारी नहीं है। वायरल होने के इस जुनून ने मासूम जिंदगियों को खतरे में डाल दिया है। दो मासूम जिंदगियों का इस तरह खत्म हो जाना पूरे शहर के लिए चिंता की बात है। यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि चेतावनी है कि सोशल मीडिया पर दिखावे और लाइक्स के चक्कर में जिंदगी दांव पर नहीं लगाई जानी चाहिए।