घाटमपुर क्षेत्र के यमुना तटवर्ती इलाके में निर्माणाधीन पावर प्लांट में एक मजदूर की संदिग्ध हालात में हुई मौत

घाटमपुर क्षेत्र के यमुना तटवर्ती इलाके में निर्माणाधीन पावर प्लांट में एक मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह दवा लेने की बात कहकर निकला था। शुक्रवार सुबह परिसर में उसका शव मिलने व शरीर में चोटों के निशान पाए जाने के बाद साथी मजदूरों ने पुलिस को शव उठाने से रोककर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर कई थानों का पुलिस बल व एसडीएम पहुंच गए हैं, जो मजदूरों को समझा कर शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।
बिहार के रोहतास जिले के अमलोर थानान्तर्गत गांव बसडीहा निवासी 40 वर्षीय अशोक शर्मा पावर प्लांट परिसर में लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) के लिए काम करने वाली सांगा कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता था। साथी मुन्ना यादव व अनिल यादव ने बताया कि अशोक 4 माह पूर्व यहां काम करने आया था और गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे घबराहट महसूस होने पर एलएंडटी के साइट आफिस में कार्यरत डिस्पेंसरी से दवा लेने की बात कह कर निकला था। अशोक का शव शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे एलएंडटी साइट आफिस के पास पड़ा मिला। इससे गुस्साए हजारों श्रमिकों ने पावर प्लांट की सभी साइटों पर काम बंद करा दिया और शव को वहां से आवासीय परिसर में ले गए।
अशोक के हाथ पैरों में कट के निशान देख कर किसी हादसे या हत्या की आशंका जता कर हंगामा शुरू कर दिया, जिससे कंपनी के अफसरों के हाथ पांव फूल गए। मजदूरों का हंगामा बढ़ते देख कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। जिसके बाद एसडीएम वरुण पांडेय व सीओ शैलेंद्र सिंह कोतवाली, बिधनू व सजेती का पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे और मजदूरों को समझाने का प्रयास शुरू किया। हत्या का आरोप लगा हंगामा कर रहे मजदूर मृतक के आश्रितों के लिए 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग कर रहे थे। मजदूर अशोक के शरीर में चोटों के निशान की पुष्टि करते हुए एसडीएम वरुण पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है और वह रवाना भी हो चुके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।





