घर की शोभा के साथ-साथ पॉजिटिविटी भी बढ़ाता है मनी प्लांट

वास्तु में ऐसे कई पेड़-पौधे बताए गए हैं, जिन्हें घर में लगाना बहुत ही शुभ माना जाता है। इन्हीं में से एक है मनी प्लांट। वास्तु शास्त्र में मनी प्लांट से संबंधित कई नियम बताए गए हैं, जिनका ध्यान रखने से आपको अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। चलिए जानते हैं इस बारे में।
वास्तु की दृष्टि में मनी प्लांट को एक शुभ पौधे के रूप में देखा जाता है। अगर वास्तु नियमों का ध्यान रखते हुए इस पौधे को घर में लगाया जाए, तो इससे पॉजिटिव एनर्जी का फ्लो बढ़ता है। आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में मनी प्लांट को लाने के लिए कौन-सी दिशा शुभ मानी गई है।
रखें इन दिशाओं का ध्यान
मनी प्लांट को लगाने के लिए दक्षिण-पूर्व दिशा यानी आग्नेय कोण को सबसे अच्छी दिशा माना गया है। इस दिशा में मनी प्लांट लगाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा और आर्थिक स्थिरता बनी रहती है। इसके साथ ही वास्तु शास्त्र में यह माना गया है कि मनी प्लांट को कभी भी उत्तर-पूर्व दिशा में नहीं लगाना चाहिए, क्योंकि इससे आपको आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
रखें इन बातों का ध्यान
वास्तु शास्त्र में माना गया है कि मनी प्लांट की बेल को हमेशा ऊपर की ओर बढ़ने देना चाहिए। ये बेल जमीन को नहीं छूनी चाहिए। ऐसा करने से धन और समृद्धि के योग बनने लगते हैं। ध्यान रखें कि आपका मनी प्लांट का पौधा सूखे न। इसके लिए आप समय-समय पर सूखे और पीले पत्तों को हटाते रहें।
वास्तु शास्त्र में यह भी बताया गया है कि मनी प्लांट को घर के अंदर रखना ज्यादा शुभ होता है। कई लोग मनी प्लांट को चोरी करके लगाना शुभ मानते हैं, लेकिन वास्तु शास्त्र में इस तरीके को गलत बताया गया है। आप इसे किसी कांच की बोतल या गमले में लगा सकते हैं।
कर सकते हैं ये उपाय
मनी प्लांट के पौधे में पानी डालते समय थोड़ा सा दूध मिलाकर डालना शुभ माना गया है। इससे आर्थिक लाभ मिल सकता है। इसके साथ ही मनी प्लांट की जड़ में या लाल धागा या कलावा बांध सकते हैं। इसके साथ ही जिस बोतल में आप मनी प्लांट उगा रहे हैं, उसमें भी लाल रिबन या कलावा बांधना शुभ माना गया है।





