गोभी की बोरिंग सब्जी को कहें अलविदा, घर पर ऐसे बनाएं रेस्टोरेंट जैसा रोस्टेड कॉलीफ्लावर

गोभी की यह रेसिपी बनाना काफी आसान है, क्योंकि इसमें ना तो उसे काटने की झंझट है और ना ही ढेर सारे मसाले तैयार करने की। यह ओवन में तैयार हो जाने वाली आसान रेसिपी है, जिसे आप स्नैक्स की तरह या फिर साइड डिश की तरह खा सकते हैं। आइए जनाते हैं रोस्टेड कॉलीफ्लावर रेसिपी-
ये चाहिए सामग्री
1 मध्यम आकार की गोभी
ऑलिव या कोई भी कुकिंग ऑयल
किसा हुआ लहसुन
नमक स्वादानुसार
परमेसन चीज़
पार्सले
इस तरह बनाएं
सबसे पहले ओवन को 400 डिग्री पर प्रीहीट करें
एक छोटे पैन में तेल डालकर किसे हुए लहसुन को लगभग 1 मिनट के लिए भूनकर लें और इस गार्लिक ऑयल को कटोरी में निकाल लें।
अब गोभी की मोटी ठंडल तोड़कर अच्छी तरह धोकर पानी सुखा लें और 1 टीस्पून नमक पूरी गोभी पर अच्छी तरह मल दें।
एक छोटे आकार के कास्ट-आयरन पैन के ऊपर गोभी को रखें और इसके ऊपर तैयार किया हुआ गार्लिक ऑयल अच्छी तरह कोट कर दें। ऑयल में लहसुन के टुकड़े नहीं होने चाहिए, वरना ओवन में रोस्ट करने के दौरान वे जल जाएंगे। अब इसे एल्युमिनियम फॉयल से कवर कर दें, लेकिन यह ज्यादा टाइट कवर नहीं होना चाहिए।
गोभी को 35 से 40 मिनट तक रोस्ट करें और फिर कवर हटाकर मुलायम होने तक 10 मिनट और पकाएं।
अब इसके ऊपर चीज स्प्रिंकल करें और पिघलने तक 5 मिनट और पकाएं। सर्व करने से पहले ऊपर से पार्सले डालें।
कैसे जानेंगे कि गोभी पक गई है
अगर आपके पास मैटल का केक टेस्टर है, तो उसे गोभी के अंदर डालकर देखें। आप चाहें तो इसके लिए चाकू का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर गोभी पक गई होगी तो चाकू या टेस्टर उसके अंदर आसानी से चला जाएगा।
इस तरह ज्यादा बेहतर बनेगी रेसिपी
गोभी को ऊपर से क्रिस्पी और अंदर से मुलायम बनाने के लिए दो स्टेप कुकिंग बेहद जरूरी है। सबसे पहले फॉयल से ढककर गोभी को पकाना है और फिर उसके ऊपर सुनहरा रंग लाने के लिए बिना कवर किए पकाना है।
बची हुई गोभी ऐसे करें स्टोर
अगर आप डिश को पूरा ना खत्म कर पाएं तो इसे 3 दिनों तक एअरटाइट कंटेनर में रेफ्रिजरेट कर सकते हैं। फिर दोबारा जब भी खाना हो, कवर्ड कंटेनर के अंदर रखकर ओवन में गर्म कर लें। वैसे गोभी की यह रेसिपी ठंडी भी स्वादिष्ट लगती है।





