गोण्डा : यूपी माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक सम्पन्न, इंटर कालेज से जल निकासी की मांग

बेलसर, गोण्डा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक जिला अध्यक्ष अजीत सिंह की अध्यक्षता में महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज बेलसर गोंडा में संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री राधामोहन पांडे ने कहा कि कोरोना जैसे भीषण संकट काल में हमें ऑनलाइन पढ़ाई पर बल देना होगा।
उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक गोंडा से मांग किया कि जिन शिक्षकों के मूल्यांकन का अवशेष है उसे शासन स्तर से मंगा कर शीघ्र भुगतान करना सुनिश्चित करें। जिला अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना काल में शिक्षक, छात्र एवं अभिभावक सभी लोग दो गज की दूरी- मास्क है जरूरी का पालन करें, उन्होंने आगे कहा कि जरूरी न हो तो भीड़- भाड़ वाली जगह जाने से बचें।
उन्होंने उप जिलाधिकारी तरबगंज से शीतला प्रसाद सिंह कन्या इंटर कॉलेज बेलसर के जलमग्न क्षेत्र से जल निकासी की मांग किया। कार्यक्रम से पूर्व विद्यालय के संस्थापक प्रबंधक शीतला प्रसाद सिंह जी के प्रतिमा पर शिक्षकों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस अवसर पर आनंद कुमार पांडे, डॉ पदम नाथ पांडे मंत्री,महजरुल हक अंसारी, चंद्रशेखर, मनीष कुमार सिंह, मोहम्मद यूनुस, रामेश्वर प्रताप सिंह, देवेंद्र यादव, अशोक कुमार आदि उपस्थित रहे।
आज भी गड्ढा युक्त है मनकापुर की सड़क
मनकापुर, गोण्डा। मनकापुर नवाबगंज के मध्य टिकरी जंगल में सड़क खराब होने से आए दिन राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार तो लोगों को अपनी जान गवा कर इसका खामियाजा भुगतना पड़ा है। नवाबगंज मनकापुर के मध्य टिकरी जंगल में सड़क काफी जर्जर अवस्था में है। सड़क के दोनों तरफ बड़े-बड़े गड्ढे हैं। बरसात के दिनों में पूरी सड़क खराब हो गई है। गड्ढों में पानी भरा रहता है जिससे सामने से आ रहे भारी वाहन, बाइक सवारों, साइकिल सवारों तथा अन्य छोटे वाहनों को जोखिम में डाल देते हैं। ऐसी स्थिति में लोगों को काफी मुसीबत झेलनी पड़ती है, नवाबगंज से टिकरी जंगल से दक्षिणी छोर तक तथा मनकापुर से जंगल के उत्तरी छोर तक सड़क का निर्माण हो चुका है, लेकिन जंगल में सड़क का निर्माण नहीं किया गया है। जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं किन्तु सड़क का निर्माण पूरा नहीं कराया जा रहा है।





