गृह मंत्री शाह पहुंचे जम्मू: आज सीमा पर सुरक्षा का लेंगे जायजा…

आज गृहमंत्री विशेष रूप से गुरनाम और बोबिया बॉर्डर आउटपोस्ट का दौरा करेंगे। वहां वे सीमा सुरक्षा बल के जवानों से सीधे संवाद करेंगे और उनका हौसला बढ़ाएंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह वीरवार को रात करीब 11 बजे अपने तीन दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंचे। इस वर्ष उनका जम्मू-कश्मीर में ये पहला दाैरा है। हाल ही में उधमपुर और किश्तवाड़ में तीन आतंकवादियों के खात्मे के बाद शाह का यह दौरा सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ाने और भविष्य की रणनीति तय करने के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जम्मू के टेक्निकल एयरपोर्ट पर विमान से उतरने के बाद शाह वहां से सीधे लोकभवन के लिए रवाना हो गए। एयरपोर्ट पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शाह का स्वागत किया। गृहमंत्री का यह दौरा सुरक्षा और विकास कार्यों को गति देने के लिए बेहद अहम है।
गृहमंत्री विशेष रूप से गुरनाम और बोबिया बॉर्डर आउटपोस्ट का दौरा करेंगे। वहां वे सीमा सुरक्षा बल के जवानों से सीधे संवाद करेंगे और उनका हौसला बढ़ाएंगे। इस अवसर पर वे जवानों और उनके परिवारों के लिए छह नई कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत भी करेंगे। ये योजनाएं सीमा प्रहरियों के जीवन स्तर और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर केंद्रित होंगी। वे बलिदानियों के परिवारों और अनुकंपा नियुक्ति पाने वाले लोगों से भी विशेष मुलाकात करेंगे।
जम्मू के लोकभवन में आयोजित होने वाली उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक में गृहमंत्री सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ, बीएसएफ और इंटेलिजेंस विंग के शीर्ष अधिकारियों के साथ वर्तमान हालात की समीक्षा करेंगे।
इधर वीरवार को उनके आगमन को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। दौरे से पहले श्रीनगर के लाल चौक में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया था। हाल ही में उधमपुर और किश्तवाड़ में हुई मुठभेड़ में तीन आतंकियों के मारे जाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
गृहमंत्री का कार्यक्रम
छह फरवरी
बॉर्डर दौरा: सुबह 11:10 बजे गुरनाम और 11:30 बजे बोबिया बॉर्डर आउटपोस्ट जाएंगे
सुरक्षा समीक्षा: दोपहर 2:30 बजे लोक भवन में सुरक्षा बैठक लेंगे
शहीद परिवारों से भेंट: दोपहर 3:00 बजे लोक भवन में मुलाकात करेंगे
सात फरवरी
विकास पर बैठक: सुबह 10:30 बजे लोक भवन में विकास कार्यों पर चर्चा करेंगे





