खुशखबरी: रूस, भारत के लिए बनाने जा रह है दुनिया की सर्वश्रेष्‍ठ मिसाइल डिफेंस सिस्‍टम एस-400

रूस ने भारत को देने के लिए एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली का निर्माण शुरू कर दिया है। रूस के उद्योग और व्यापार मंत्री डेनिस मांतुरोव ने खुद इसकी पुष्टि की है। भारत ने अपनी दीर्घकालिक रक्षा जरूरतों के मद्देनजर रूस से एस-400 प्रणाली की खरीद के लिए करीब चालीस हजार करोड़ रुपये का करार किया था। इस करार पर पांच अक्टूबर, 2018 को नई दिल्ली में आयोजित 19वें भारत-रूस वार्षिक द्विपक्षीय सम्मेलन में दस्तखत किए गए थे।

रूसी समाचार एजेंसी स्पुतनिक से बातचीत में मांतुरोव ने कहा, रूस की प्रमुख वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली कंपनी अल्माजेंटी ने भारत के लिए एस-400 का निर्माण शुरू कर दिया है। अनुबंध की निर्धारित समय सीमा में इसे भारत को सौंप दिया जाएगा। एस-400 के संचालन में किसी तरह की दिक्कत ना आए, इसके लिए भारत में एक प्रशिक्षण केंद्र बनाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: कोरोना वायरस से निपटने के लिए चीन ने 10 दिन में कर डाला होश उड़ा देने वाला काम, दुनिया हुई हैरान

पिछले महीने रूसी राजनयिक रोमन बाबुशकिन ने कहा था, हम 2025 तक भारत को पांच एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली सौंप देंगे। हमारे पास दुनिया की सर्वश्रेष्ठ रक्षा प्रणाली है। यह भारत की सभी सुरक्षा जरूरतें पूरी करेगी। भारत के पूर्व वायुसेना प्रमुख बीएस धनोआ ने भी एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली को गेम-चेंजर करार दिया था।

मालूम हो कि एस-400 डिफेंस सिस्‍टम एस-300 का उन्नत संस्करण है जो पहले केवल रूसी रक्षा बलों के लिए उपलब्ध था। S-400 डिफेंस सिस्टम भारतीय वायु सेना को दिया जाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच डील को लेकर दस्‍तखत हुए थे। इसके तहत रूस करीब पांच अरब डॉलर यानी 40 हजार करोड़ रुपए में S-400 डिफेंस सिस्टम की पांच रेजिमेंट्स भारत को बेचेगा। यह डिफेंस सिस्टम पहले भारत को 2020 में मिलना था लेकिन अब यह सिस्‍टम्‍ 2025 तक मिलेगा। 

Back to top button