क्या हेयर स्ट्रेटनिंग के बाद डायलिसिस की नौबत आ सकती है? 

डॉ. बृजपाल त्यागी ने हेयर स्ट्रेटनिंग में इस्तेमाल होने वाले ग्लाइऑक्सिलिक एसिड से किडनी खराब होने की चेतावनी दी है।

आजकल हर कोई पार्लर जाकर बालों को सिल्की, शाइनी और एकदम स्ट्रेट करवाना चाहता है। ‘केराटिन’, ‘स्मूदनिंग’ और ‘ब्राजीलियाई ब्लोआउट’ जैसे हेयर ट्रीटमेंट का ट्रेंड इन दिनों जोरों पर है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि खूबसूरत दिखने की चाहत आपको अस्पताल के बिस्तर तक पहुंचा सकती है?

इंस्टाग्राम पर एक वीडियो के जरिए डॉ. बृजपाल त्यागी ने बेहद चौंकाने वाली चेतावनी दी है। आइए, डिटेल में जानते हैं कि आखिर सिर के बालों का किडनी से क्या लेना-देना है और हेयर स्ट्रेटनिंग के कारण डायलिसिस की नौबत कैसे आ सकती है।

हेयर स्ट्रेटनिंग का शौक कहीं किडनी न कर दे खराब
डॉक्टर बृजपाल के अनुसार, बालों को स्ट्रेट करने वाले कई प्रोडक्ट्स में ग्लाइऑक्सिलिक एसिड (Glyoxylic Acid) नाम का एक हानिकारक केमिकल पाया जाता है। यह सच है कि यह केमिकल आपके बालों को सीधा तो कर देगा, लेकिन इसके साथ ही यह आपकी किडनी को पूरी तरह से खराब कर सकता है।

केमिकल के इस्तेमाल से बढ़ रहा है नेफ्रोपैथी का खतरा
इस केमिकल के इस्तेमाल से ‘नेफ्रोपैथी’ नाम की गंभीर समस्या पैदा होती है। इसके असर से किडनी धीरे-धीरे काम करना बंद कर देती है और मरीज ‘एक्यूट रीनल शटडाउन’ का शिकार हो जाता है। आसान शब्दों में कहें तो किडनी फेल हो जाती है और इंसान को डायलिसिस करवाने की नौबत आ जाती है।

इजरायल का डराने वाला मामला
इस केमिकल का खतरा कितना बड़ा है, इसे इजरायल के एक मामले से समझा जा सकता है। डॉक्टर ने बताया कि वहां की एक 15 साल की लड़की ने अपने बालों को स्ट्रेस कराने के लिए इसी केमिकल का इस्तेमाल किया था। इसके कुछ ही समय बाद उसे तेज पेट दर्द की शिकायत हुई। जब वह अस्पताल गई, तो डॉक्टरों ने बताया कि उसे ‘एक्यूट किडनी इंजरी’ हो गई है।

हेयर स्ट्रेटनिंग कराने से पहले रखें ध्यान
सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि ग्लाइऑक्सिलिक एसिड नाम का यह केमिकल दुनिया के ज्यादातर देशों में प्रतिबंधित है, लेकिन भारत में यह अभी भी आसानी से उपलब्ध है।

इसलिए डॉक्टर की सख्त सलाह है कि जब भी आप किसी भी केमिकल से हेयर स्ट्रेटनिंग करवाएं, तो सबसे पहले उस केमिकल का नाम जरूर पूछें और खुद भी चेक करें। अगर उस प्रोडक्ट में ग्लाइऑक्सिलिक एसिड मौजूद है, तो आपको उसका इस्तेमाल बिल्कुल भी नहीं करना है।

Back to top button