कोविंद नामांकन के लिए घर से निकले, पीएम-20 राज्यों के सीएम बनेंगे गवाह

राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की तरफ से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ अब से कुछ ही देर में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. वह अपने घर से रवाना हो गए हैं. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह तथा राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे. कहा जा रहा है कि नामांकन भरने के दौरान लगभग 20 राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे. लोकसभा सचिवालय द्वारा गुरुवार को जारी एक बयान के मुताबिक, “रामनाथ कोविंद पूर्वाह्न 11.45 बजे संसद भवन में अपना नामांकन दाखिल करेंगे.”

भाजपा सूत्रों ने कहा कि नामांकन पत्र के चार सेट तैयार किए गए हैं, जिनपर मोदी, शाह, तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) अध्यक्ष व आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू तथा पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के हस्ताक्षर होंगे. 17 जुलाई को होने वाले चुनाव में कोविंद की जीत तय मानी जा रही है, हालांकि मुकाबला होना तय है. विपक्षी पार्टियों ने गुरुवार को लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया.
Will accompany Shri Ram Nath Kovind Ji as he files his nomination papers today for the upcoming Presidential election.
— Narendra Modi (@narendramodi) 23 June 2017
शिवसेना तथा जम्मू एवं कश्मीर की पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) सहित राजग के पास सांसदों व विधायकों के इलेक्टोरल कॉलेज का 48.93 फीसदी समर्थन है. गठबंधन से बाहर की पार्टियों जैसे तेलंगाना राष्ट्र समिति (2 फीसदी), ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (5.39 फीसदी), वाईएसआर कांग्रेस (1.53 फीसदी), बीजू जनता दल (2.99 फीसदी), जनता दल (युनाइटेड) के 1.91 फीसदी मतों को मिलाकर राजग आधा मत आसानी से प्राप्त कर लेगा.





