कोलकाता के खिलाफ रोहित शर्मा ने तोड़ा कोहली का ‘विराट’ रिकॉर्ड, खास लिस्ट में निकल गए सबसे आगे

दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने आईपीएल में इतिहास रचते हुए विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। रोहित अब आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने के मामले में विराट से आगे निकल गए हैं। रोहित का मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में तूफान देखने को मिला।
हिटमैन ने कोलकाता के गेंदबाजों की धुलाई करते हुए 78 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस पारी का ही नतीजा रहा कि कोलकाता के 220 रनों के विशाल स्कोर का पीछा कर रही मुंबई को शानदार शुरूआत मिली। रोहित और रयान रिकल्टन के बीच पहले विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी हुई। रोहित भले ही 78 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन उन्होंने कोहली का विराट रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।
रोहित शर्मा ने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा
मुंबई के पूर्व कप्तान ने कोलकाता के खिलाफ 38 गेंदों पर 78 रनों की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 205.26 का रहा। इस पारी से उन्होंने आईपीएल के इतिहास में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने का विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया। विराट ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 1159 रन बनाए हैं। तो वहीं अब रोहित ने कोलकाता के खिलाफ 1161 रन बनाए हैं। इसी के साथ हिटमैन अब इस लिस्ट में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।
एक टीम के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज
रोहित शर्मा बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स – 1161 रन
विराट कोहली बनाम पंजाब किंग्स – 1159 रन
विराट कोहली बनाम चेन्नई सुपर किंग्स – 1146
डेविड वार्नर बनाम पंजाब किंग्स – 1134 रन
विराट कोहली बनाम दिल्ली कैपिटल्स – 1130 रन
डेविड वार्नर बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स – 1093 रन
मुंबई के लिए IPL में सबसे बड़ी साझेदारी
रोहित और गिब्स बनाम केकेआर, कोलकाता, 2012 (दूसरा विकेट) -167* रन
ड्वेन स्मिथ और तेंदुलकर बनाम राजस्था, जयपुर, 2012 (पहला विकेट) – 163* रन
रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन बनाम केकेआर, वानखेड़े, 2026 (पहला विकेट) – 148 रन
सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा बनाम हैदराबाद, वानखेड़े, 2024 (चौथा विकेट) – 143* रन





