कोर्ट का सम्मान… कानून में संशोधन करना संसद का हक, राहुल गांधी से नेहरू तक क्या बोले मंत्री पंवार

हरियाणा सरकार के पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्णलाल पंवार का कहना है कि भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट के साथ पूरी न्यायपालिका का सम्मान करती हैं, लेकिन कानून में संशोधन करना संसद का हक है। कांग्रेस दुष्प्रचार करके वोट बैंक की राजनीति कर रही है। पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्णलाल पंवार सोमवार को जिला परिवेदना समिति की बैठक के बाद मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे।
प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लालनेहरू का दिया बयान पढ़ा था। अब भी पहरा नंबर 11 में पंडित नेहरू का 27 जून 1961 को दिया बयान अंकित है। उसमें पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा था कि 1947 में देश आजाद हुआ। डॉ. भीमराव आंबेडकर ने एससी व बीसी वर्ग को आरक्षण दिया। अब आरक्षण को खत्म किया जाए। मैं उस समय राज्यसभा में ही मौजूद था, साथ ही गवाह भी हूं। लेकिन कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री के राज्यसभा में पढ़े गए नेहरू के बयान को एडिट करके देश में दुष्प्रचार शुरू कर दिया। कहा कि भाजपा सत्ता में आई तो संविधान खत्म हो जाएगा, लेकिन देश की जनता ने कांग्रेस को हराकर उसे आइना दिखा दिया।
मंत्री पंवार ने कहा कि अब वक्फ बोर्ड कानून में संशोधन बिल के नाम पर देश को गुमराह किया जा रहा है। जबकि संविधान में अब तक हुए 106 में से 75 संशोधन कांग्रेस ने किए हैं।
प्रदेश की मंडियों के बाहर पड़े गेहूं के सवाल पर कैबिनेट मंत्री बोले, मौसम की वजह से एक साथ गेहूं की आवक मंडियों में पहुंच रही है, जबकि कई मंडियों में जगह कम है। इस कारण गेहूं बाहर सड़क पर डालना पड़ रहा है। किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं हैं, सरकार गेहूं का एक-एक दाना खरीदेगी।
बिजली संकट के सवाल पर कृष्णलाल पंवार ने कहा कि प्रदेश में किसी तरह का बिजली संकट नहीं है। सरकार के पास पर्याप्त बिजली है। इस मौके पर मेयर रामअवतार वाल्मीकि, पूर्व मेयर रेणू डाबला व अन्य नेता भी मौजूद रहे।





