कैमूर में अपराधियों के हौसले बुलंद, शौच के लिए निकले युवक की पीट-पीटकर हत्या; जांच में जुटी पुलिस

कैमूर जिले में इन दिनों अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला कुदरा रेलवे स्टेशन के पास का है, जहां कुछ अज्ञात बदमाशों ने शौच के लिए जा रहे एक युवक को बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया। घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान चेनारी थाना क्षेत्र के रेडिया गांव निवासी सरोज पासवान के 18 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रजनीश कुदरा थाना क्षेत्र के भैंसौड़ा गांव में रहकर कुदरा राइस मिल में मजदूरी करता था।
परिजनों के मुताबिक, बुधवार देर रात करीब 1 बजे रजनीश शौच के लिए कुदरा रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था, तभी कुछ अज्ञात बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। न केवल उसे बुरी तरह पीटा गया बल्कि उसके पास से पैसे भी लूट लिए गए। मारपीट के दौरान युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने शोर मचाया, जिससे बदमाश मौके से फरार हो गए। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए कुदरा पीएचसी पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर देख उसे भभुआ सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है।





