केदारनाथ यात्रा: धाम पर आने वाले तीर्थयात्रियों को अब हेली कंपनियां चूना नहीं लगा पाएंगी…

केदारनाथ में हवाई सेवा देने के लिए अब तक हेली ऑपरेटर कंपनियों का चयन नहीं हुआ है, लेकिन कई कंपनियों और ट्रेवल एजेंसियों ने मनमाने तरीके से बुकिंग शुरू कर दी है। इधर, सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि यात्रियों से कोई धोखाधड़ी होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित कंपनी को उठानी होगी।  केदारनाथ धाम के कपाट नौ मई को खुल रहे हैं। लेकिन अब तक यहां हेली सेवा देने वाली कंपनियों का चयन नहीं हो पाया है। नागरिक उड्डयन विभाग इसके लिए टेंडर जारी कर चुका है। इस में कुल 17 कंपनियों ने आवेदन किया। इनमें से सबसे कम टिकट मूल्य बताने वाली नौ कंपनियों का चयन होगा। इस मामले में हाईकोर्ट से फैसला होना शेष है। इसके बाद भी कई कंपनियों ने हवाई टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी हैं।

 

 

कंपनियों के अलावा ट्रेवल एजेंसियां भी फाटा से केदारनाथ आने-जाने का टिकट साढ़े सात हजार रुपये तक में बेच रही हैं। एक तरफ का किराया 4200 रुपये बताया जा रहा है। जबकि अभी कंपनी और टिकट की दर तय नहीं हुई है। इस संबंध में विभाग के अपर सचिव आर.राजेश कुमार ने कहा कि यदि कोई कंपनी बिना चयन के टिकट बुक कर रही है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित कंपनी की ही होगी। सुनवाई जारी : उधर हाईकोर्ट में मंगलवार को बदरीनाथ-केदारनाथ हेली सेवा के लिए खुलने वाली टेंडर प्रक्रिया पर सुनवाई हुई। सुनवाई बुधवार को भी जारी रहेगी। कोर्ट पूर्व में टेंडर खुलने पर रोक लगा चुकी है। इस मामले में दून के आरडी ग्रुप ने याचिका दायर की है।

 

Back to top button