केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, ‘संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा

देश में आज संविधान दिवस मनाया जा रहा है. इस मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, ‘संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है. विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को एकता के सूत्र में बांधने वाला हमारा संविधान संघात्मक भी है और एकात्मक भी. संविधान दिवस के अवसर पर देश को एक प्रगतिशील संविधान देने वाले बाबासाहेब आंबेडकर और इसको अक्षुण्ण बनाए रखने वाले सभी राष्ट्रभक्तों को नमन.’

अमित शाह ने कहा, ‘संविधान के एक सच्चे प्रहरी के रूप में मोदी सरकार बाबासाहेब आंबेडकर जी के आदर्शों पर चलते हुए 130 करोड़ देशवासियों के कल्याण के संकल्प के साथ देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए कटिबद्ध है. समस्त देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं.’
संविधान दिवस (26 नवंबर) पर मंगलवार को संसद के दोनों सदनों का संयुक्त सत्र बुलाया गया है. संसद के सेंट्रल हॉल में आयोजित संयुक्त सत्र को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित कर सकते हैं. इस मौके पर नेशनल यूथ पार्लियामेंट स्कीम का वेब पोर्टल भी लांच होगा.





