कुमार मंगलम बिड़ला की नेटवर्थ 21500 करोड़ रुपये घट गई

आइडिया-वोडाफोन की खस्ताहाल हालत की वजह से देश के प्रमुख उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला की नेटवर्थ में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। पिछले दो साल में बिड़ला की नेटवर्थ में 21500 करोड़ रुपये घट गई। 2017 के आखिर से अभी तक नेटवर्थ में एक-तिहाई की कमी आई है।
बिड़ला समूह ने आइडिया को वोडाफोन के साथ मिलाकर के देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी बनाई थी। इस कंपनी के पास 37 करोड़ ग्राहक हैं। कंपनी ने पिछले हफ्ते ही कॉर्पोरेट इतिहास का सबसे बड़ा घाटा दर्ज किया था। इससे लगा कि दोनों कंपनियां अपने को दिवालिया घोषित कर देंगी। हालांकि समायोजित सकल राजस्व के मुद्दे पर सरकार द्वारा दो साल की राहत मिलने से कंपनी आगे चल पाएगी। वोडाफोन के बाद आदित्य बिड़ला समूह ने भी अपनी टेलीकॉम कंपनी में कोई नया निवेश न करने की घोषणा भी की थी।
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक वोडाफोन-आइडिया में 45 फीसदी हिस्सेदारी वोडाफोन की है। वहीं ग्रासिम इंडस्ट्री की 12 फीसदी, बिड़ला टीएमटी की एक फीसदी, हिंडाल्को की तीन फीसदी और 11 फीसदी में बिड़ला समूह की अन्य कंपनियां शामिल हैं। वहीं पब्लिक के पास 29 फीसदी शेयर हैं।  उनकी नेटवर्थ दो साल पहले 9.1 अरब डॉलर थी, अब सिर्फ छह अरब डॉलर (43,056 करोड़ रुपये) है।
Back to top button