कुठौंद थाना क्षेत्र के गांव में दिल झकझोरने वाली वारदात घर से दूर खेत में बच्ची का शव पड़ा मिला

कुठौंद थाना अंतर्गत एक गांव में रविवार को अलीगढ़ के टप्पल जैसी वारदात की पुनरावृत्ति ने लोगों को झकझोर दिया। आठ साल की बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म के बाद गला घोटकर हत्या कर दी गई। गांव के बाहर खेत में सुबह शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। शरीर पर कपड़े न होने और सलवार से गला कसा देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही गांव पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को शांत कराया, वहीं एसपी ने घटना के जांच के आदेश कर आरोपित की तलाश शुरू कराई है।
ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार शाम आठ साल की बच्ची घर के बाहर हमउम्र सहेलियों के साथ खेल रही थी। कुछ ही देर में वह अचानक लापता हो गई। सूरज ढलने के बाद भी वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की लेकिन कहीं भी कुछ पता नहीं चला। इसपर परिजनों ने थाने में सूचना दी। रविवार सुबह ग्रामीणों ने गांव से एक किमी दूर एक खेत में रक्तरंजित बच्ची का शव पड़ा देखा तो सनसनी फैल गई। यह बच्ची वही थी, जो शनिवार शाम गांव से लापता हो गई थी। शरीर पर कपड़े नहीं होने और गर्दन में सलवार कसा देखकर ग्रामीणों ने बच्ची को अगवा दुष्कर्म के बाद हत्या की सूचना पुलिस को दी।
जानकारी होते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और बच्ची का शव देखकर बिलखने लगे। कुछ ही देर में आसपास के गांवों से लोग पहुंच गए और दिल को झकझोर देने वाली घटना देखकर आक्रोशित हो गए। घटना की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। सीओ जालौन सुबोध गौतम पहुंच गए और गुस्सा जता रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। मौके पर पहुंचे एसपी स्वामी प्रसाद ने पड़ताल की और कहा कि घटना को बेहद संवेदनशीलता से लेते हुए तहकीकात की जा रही है। जल्द ही आरोपित की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गांव का ही है कोई
घर के बाहर खेलने के दौरान बच्ची के गायब होने से कयास लगाया जा रहा है कि घटना को किसी परिचित ने ही अंजाम दिया है। गांव के ही किसी ने बच्ची फुसलाकर अगवा किया और घटना कारित की है। पुलिस ने गांव के लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।





