किडनी ट्रांसप्लांट में एक ही नाम, उम्र की वजह से बदली किडनी

अमेरिका के न्यूजर्सी में एक बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक अस्पताल में एक ही नाम और उम्र के दो मरीज आए थे। डॉक्टरों ने गलती से किसी और की किडनी किसी और में ट्रांसप्लांट कर दी।

अस्पताल का नाम लॉरडेस हॉस्पीटल है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 51 वर्षीय एक शख्स की डॉक्टरों ने सफल तरीके से किडनी ट्रांसप्लांट की थी, लेकिन अगले दिन उन्हें पता चला कि वो किडनी उसी नाम वाले दूसरे मरीज को ट्रांसप्लांट करनी थी, जो प्राथमिकता सूची में ऊपर था, जबकि जिसकी ऑपरेशन किया गया, वो प्राथमिकता सूची में काफी नीचे था। यह घटना 18 नवंबर की है।
हालांकि अस्पताल प्रशासन ने अपनी इस गलती के लिए माफी मांगी है। अस्पताल का कहना है कि दोनों मरीजों के एक ही नाम और उम्र होने की वजह से ये गलती हो गई। बाद में 24 नवंबर को अस्पताल ने अपनी गलती सुधारते हुए पहले मरीज का भी सफल किडनी ट्रांसप्लांट कर दिया।
अस्पताल का कहना है कि फिलहाल दोनों मरीजों की स्थिति ठीक है और ऑपरेशन से उबर रहे हैं। अस्पताल प्रशासन ने दोनों के नामों का खुलासा नहीं किया है। अस्पताल के कार्यकारी उपाध्यक्ष डॉक्टर रेगिनाल्ड ब्लेबर ने इस घटना पर कहा, ‘हमारे 40 साल पुराने प्रतिष्ठित ट्रांसप्लांट प्रोग्राम में यह एक अभूतपूर्व घटना है। सुरक्षा और प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध संस्थान होने के नाते हमने तत्काल कदम उठाए ताकि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न हो।’





