कानपुर में घर के अंदर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, घर में अकेले रहते थे निसंतान दंपती

शहर के नौबस्ता थानांतर्गत रमन विहार में घर के अंदर प्रॉपर्टी डीलर की निर्मम हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह वारदात की जानकारी होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के समय पत्नी घर पर नहीं थी। एसएसपी और एसपी साउथ ने घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल की और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। अलमारी खुली मिलने से लूटपाट की भी आशंका जताई जा रही है, वहीं परिवारी रंजिश में घटना को अंजाम दिए जाने की बात भी सामने आ रही है।

नौबस्ता लालपुर निवासी 55 वर्षीय प्रहलाद प्रॉपर्टी का काम करते थे। उन्होंने सोसाइटी बना रखी थी, जिसके जरिए प्लॉट आदि बिक्री का काम करते थे। मौजूदा समय में वह आवास विकास हंसपुरम रमन विहार में मकान बनाकर पत्नी सियाप्यारी के साथ रह रहे थे। बुधवार को मायके में परिवारी चाचा की तेरहवीं संस्कार होने के चलते सियाप्यारी बकेवर फतेहपुर के गांव गौरिया चली गई थीं।घर पर प्रहलाद अकेले ही थे। सुबह किसी भारी वस्तु से सिर कुचलकर प्रहलाद की हत्या कर दी गई। इसके साथ ही शरीर पर किसी धारदार हथियार से काटे जाने के निशान भी मिले हैं और गला भी घोटने की पुष्टि हुई है।

घटना की जानकारी पर मची सनसनी
गुरुवार सुबह प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह करीब साढ़े आठ बजे पत्नी सियाप्यारी मायके से घर आईं तो कमरे के दरवाजे के पास प्रहलाद का रक्तरंजित शव पड़ा देखकर चीख पड़ीं। घर के बाहर उनको तेज आवाज में रोता देखकर पड़ोसी एकत्र हो गए। घटना की जानकारी होते ही परिवारी लोग भी आ गए। सूचना मिलते ही नौबस्ता थाना प्रभारी पहुंचे और अफसरों को घटना की जानकारी दी। एसएसपी अनंत देव और एसपी साउथ रवीना त्यागी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल की। मौके पर आई फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। इस दौरान घर के बाहर लोगों की भीड़ एकत्र रही।

भतीजे की शादी को लेकर परिवार से चल रही थी रंजिश
पुलिस को पूछताछ में जानकारी हुई है कि संतान न होने के कारण प्रहलाद ने छह साल पहले अपने भतीजे रामू की शादी साले की बेटी शशि से कराई थी। शादी से नाखुश रामू ने मायके गई शशि की विदाई नहीं कराई। इसपर प्रहलाद की भतीजे समेत परिवार वालों से काफी कहासुनी भी हुई थी। साले की बेटी को लेकर प्रहलाद थोड़ा परेशान थे। चार माह पहले उन्होंने शशि की दूसरी शादी फतेहपुर में किसी अमीन के बेटे से करा दी थी। शशि की शादी को लेकर नाराज रामू ने प्रहलाद से गुस्सा जाहिर किया था।
बच्चा गोद लेना चाहते थे प्रहलाद
सियाप्यारी से विवाह के काफी समय बाद तक संतान न होने से प्रहलाद ने बच्चा गोद लेने की इच्छा जताई थी। प्रॉपर्टी डीलर का कारोबार अच्छा होने से प्रहलाद काफी संपत्ति बनाने के साथ बैंक बैलेंस भी कर लिया था। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया है कि पहले प्रहलाद अपनी संपत्ति परिवार में ही देना चाहते थे। लेकिन परिवार से रंजिश बढ़ जाने के बाद वह बच्चा गोद लेने की सोच रहे थे। प्रहलाद अपनी संपत्ति परिवार में नहीं देना चाहते थे बल्कि और कहीं देने की बात कहते थे।

सुबह दिया गया वारदात को अंजाम
घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम की जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम सुबह ही दिया गया है। कमरे के आधा अंदर दरवाजे से आधा बाहर प्रहलाद का शव पड़ा था। उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किया गया था। पुलिस को घर में सिल तो मिला लेकिन बट्टा नहीं मिला है। वहीं उनके शरीर पर किसी धारदार हथियार से मारे जाने के भी निशान मिले हैं। हत्या करने वाले प्रहलाद का गला भी घोटने का प्रयास किया है। कमरे में दो कुर्सियां अगल बगल पलटी पड़ी मिली हैं, इससे आशंका है कि हत्या करने वाला घर आने के बाद पहले कुर्सी पर साथ बैठा होगा और बाद में उसने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस अंदेशा है कि हत्या करने वाला कोई करीबी या फिर जानकार व्यक्ति है।

Back to top button