कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र का शपथ ग्रहण समारोह आज, सोनीपत में स्वागत, चंडीगढ़ में कार्यक्रम

हरियाणा कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र का चंडीगढ़ में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह से पहले सोमवार सुबह सोनीपत के एनएच-44 स्थित भिगान टोल प्लाजा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं और जयघोष के साथ स्वागत किया।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह आज अपना पदभार संभालेंगे। प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह का शपथ ग्रहण समारोह आज (सोमवार) चंडीगढ़ में होगा। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 2 बजे पार्टी मुख्यालय सेक्टर-9बी चंडीगढ़ में होगा। इसके लिए सभी तैयारियां हो चुकी हैं।

नए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र का चंडीगढ़ में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह से पहले सोमवार सुबह सोनीपत के एनएच-44 स्थित भिगान टोल प्लाजा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं और जयघोष के साथ स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट है और प्रदेश में संगठनात्मक ढांचा काफी मजबूत हो रहा है।

भिगान टोल प्लाजा पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने भाजपा की तरफ से लगाए जा रहे गुटबाजी के आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि कांग्रेस में किसी तरह का मतभेद नहीं है। गुटबाजी का आरोप लगाने वाली भाजपा को पहले अपने धड़ों की गिनती करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस आलाकमान का हर निर्णय सर्वमान्य है और संगठन में किसी भी नेता की नाराजगी की बात निराधार है। सभी नेता पार्टी की मजबूती के लिए मिलकर कार्य करेंगे। केंद्र व प्रदेश भाजपा के जनविरोधी फैसलों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। जिससे भाजपा की गलत नीतियों को उजागर किया जाएगा।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के चयन से पहले जिला अध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है। पार्टी का संगठनात्मक ढांचा और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा को लेकर भी राव नरेंद्र ने सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले लिया गया था। पार्टी को मजबूती देने वाला हर कदम सराहनीय है। इस यात्रा से भी संगठन को मजबूती मिलेगी। उनके साथ शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान और ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजीव दहिया मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण समारोह में ये होंगे शामिल
नए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र का चंडीगढ़ में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, निवर्तमान अध्यक्ष चौ. उदय भान, एआईसीसी सचिव एवं सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल व प्रफुल्ल विनोदराव गुडधे मौजूद रहेंगे। साथ ही सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों व प्रकोष्ठों के प्रमुख सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस ने सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button