कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा-लोगों को मौत के मुंह में धकेल रही भाजपा सरकार

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार गांवों में लोगों को जानबूझ कर मौत के मुंह में धकेल रही है। शहर से लेकर गांव तक डेंगू का जबरदस्त प्रकोप होने के बावजूद सरकार कतई गंभीर नहीं दिख रही है। बिल्हौर के पिहानी गांव में डेंगू से कई लोगों की मौत की जानकारी पर आए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को आड़े हाथों लिया। डेंगू से बचाव के लिए उपाय न किये जाने पर सवाल उठाए।
बिल्हौर पिहानी गांव में गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने डेंगू से मृत लोगों के स्वजनों से मुलाकात करके ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार डेंगू का प्रकोप फैलने को लेकर गंभीर नहीं है और जानबूझकर लोगों को मौत के मुंह में धकेल रही है। गांवों में डेंगू से इलाज के लिए किट का प्रबंध करना चाहिए और गांव में दवा छिड़काव का प्रबंध कर मच्छरों की रोकथाम की व्यवस्था करनी चाहिए लेकिन सरकार इसमें अक्षम साबित हो रही है। कहा, कांग्रेस पार्टी इन गंभीर मुद्दों पर सदन में प्रश्न उठाएगी। दो दिन के अंदर मरीजों के समुचित इलाज की व्यवस्था नहीं होती तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी। उनके साथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष उषा रानी कोरी भी मौजूद रहीं।





