कांग्रेस नेता सुरजेवाला वाला का सरकार पर तंज, बोले- विकास पर लगी रोक

हरियाणा की भाजपा सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बयान दिया है। सुरजेवाला ने अपने बयान में आरोप लगाए हैं कि प्रदेश सरकार सभी क्षेत्रों में विफल रही है। हरि का हरियाणा अब अपराध का गैंगलैंड बनने का दावा किया। सुरजेवाला ने अपने बयान में कहा है कि पिछले एक साल के भाजपा राज में हरियाणा हत्या, फिरौती, डकैती, रंगदारी, धमकी, लूटपाट, माफिया, गैंगस्टर्स, और बदमाशों का अड्डा बन गया, जिसने ‘हरि की धरती’ हरियाणा की आत्मा को लहूलुहान कर रखा है।
कहा कि राजनीतिक अराजकता और खौफ के दौर में कानून व्यवस्था का ‘हरियाणा में अपहरण’ हो गया है। सरकार व संगठित अपराध के गठजोड़ का यह हाल है कि अपराधियों ने शराब के ठेकों तक की बोली नहीं होने दी और नायब सैनी सरकार आंखों पर पट्टी बांधे रही। सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा की प्रगति रूक गई और यहां अब दिनदहाड़े फायरिंग और धमकियों के वीडियो सोशल मीडिया पर आए दिन वायरल हो रहे हैं।
हरियाणा सरकार के पास उपलिब्ध बताने के लिए कुछ नहीं : दीपेंद्र
कांग्रेस नेता और सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार का एक साल पूरा हो गया। सैनी सरकार की पहली वर्षगांठ पर आज सोनीपत में प्रधानमंत्री की रैली रखी गई थी, लेकिन वह रद कर दी गई। इसका साफ मतलब यही है कि पिछले एक साल में प्रदेश सरकार के पास बताने के लिए न तो कोई उपलब्धि है न ही केंद्र की बीजेपी सरकार के पास हरियाणा को कुछ देने के लिए था।
उन्होंने कहा कि रैली कैंसिल करके हरियाणा सरकार ने खुद ये स्वीकार कर लिया कि न बताने को कुछ है, न देने को कुछ है तो बेहतर यही है कि रैली ही कैंसिल कर दी जाए। अगर हमारी ये बात सच नहीं है तो सरकार बताए उसने रैली कैंसिल क्यों की। दीपेंद्र ने बयान जारी करके कहा कि पिछले 11 साल में प्रदेश में विकास का कोई नया काम नहीं हुआ। कोई नया बड़ा प्रोजेक्ट नहीं आया।





