कांग्रेस का योगी सरकार पर तंज – दुपहरी ढली नहीं कि ‘जंगलराज’ अपनी कहानी लिखने लगा

लखनऊ। सूबे की कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस योगी सरकार पर लगातार हमले कर रही है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि हरदोई में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या। देवरिया में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या। मथुरा में दुष्कर्म के बाद आठ साल की बच्ची की हत्या। लखनऊ में बुजुर्ग की हत्या। दुपहरी ढली नहीं कि ‘जंगलराज’ अपनी कहानी लिखने लगा। नाम बदलने वाले मुख्यमंत्री ने सदन में अपराध को विकास बना दिया।
अजय कुमार लल्लू ने कहा कि असल में उप्र में अपराध 250 नहीं 1000 की स्पीड से आगे बढ़ रहा है। गृह विभाग के अगुवा सूबे के मुख्यमंत्री प्रशासनिक व्यवस्था के आगे घुटने टेक लाचार बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि योगी राज में कानून का राज पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। प्रदेश के मुखिया टीम-11 द्वारा एकत्र फर्जी और झूठे तथ्यों को आम जनता के सामने रखकर गुमराह करने का काम कर रहे हैं। पुलिस का इकबाल पूरी तरह खत्म होता जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री आत्म-मुग्धता छोड़कर अपराध को रोकने हेतु सख्त कदम उठायें और अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को शीघ्र और सख्त से सख्त सजा दिलायें।
The post कांग्रेस का योगी सरकार पर तंज – दुपहरी ढली नहीं कि ‘जंगलराज’ अपनी कहानी लिखने लगा appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.





