कड़ाके की ठंड से कांपा पूरा उत्तर भारत, राजस्थान-हरियाणा में शून्य से नीचे पहुंचा तापमान

उत्तर भारत में जारी कड़ाके की ठंड रविवार को और बढ़ गई। राजस्थान के कुछ हिस्सों में तापमान शून्य से नीचे चला गया। यहां सीकर जिले के फतेहपुर में शनिवार रात को तापमान माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण यहां खेतों व घरों की छत पर बर्फ जम गई।

रेगिस्तानी जिले जैसलमेर के चांधन और रामगढ़ में सुबह खुले में बर्फ जमी हुई नजर आई। वहीं, राजधानी दिल्ली में कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया। हरियाणा के रेवाड़ी का न्यूनतम तापमान माइनस में 0.6 डिग्री दर्ज किया गया। अगले दो दिन भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है।

दिल्ली के पालम में टूटा 13 साल का रिकॉर्ड

दिल्ली के पालम में न्यूनतम तापमान 13 वर्षों में सबसे कम दर्ज किया गया। यहां तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री कम 3.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले पालम में सात जनवरी, 2013 को न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। राजधानी में आयानगर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रहा। रिज क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि सोमवार को शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी।

हिमाचल में पाइप में जमा पानी

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज क्षेत्र में कई स्थानों पर पेयजल पाइप में पानी जमने लगा है। इस कारण लोगों को दूरदराज से पानी लाना पड़ रहा है। रविवार को बिलासपुर, पांवटा साहिब, ऊना और सुंदरनगर में सुबह कोहरा छाया रहा। प्रदेश में पांच स्थानों पर तापमान जमाव बिंदु से नीचे है। सबसे कम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 10.8 दर्ज किया गया।

श्रीनगर से ठंडा रहा जम्मू

जम्मू में पारे में जबरदस्त गिरावट आई है। सर्द हवाओं के बीच यहां रविवार को अधिकतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राजधानी श्रीनगर के 11.9 डिग्री से कम था। जम्मू में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस के साथ शनिवार को सीजन की सबसे सर्द रात बीती। कश्मीर के सभी जिलों में रात का पारा शून्य डिग्री से नीचे रहने से अधिकांश जलाशय जम गए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, 16-17 के बाद 20-23 जनवरी के बीच कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

राजस्थान और पंजाब में शीतलहर का दौर जारी

राजस्थान में शीतलहर का दौर जारी है। श्रीगंगानगर जिले में रविवार को दिनभर कोहरा छाया रहा। प्रदेश के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में लगातार चौथे दिन तापमान जमाव बिंदु पर रहा। समाचार एजेंसी प्रेट्र के अनुसार, स्थानीय मौसम कार्यालय ने बताया कि प्रतापगढ़ में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस था, जबकि बाड़मेर में न्यूनतम तापमान माइनस 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पटियाला में 3.8, गुरदासपुर में 3.8, मोहाली में 4.8, फरीदकोट 4.7, फरीदकोट 4.7, होशियारपुर 5.8 और पठानकोट 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार सप्ताह के अंत में हल्की वर्षा हो सकती है।

हरियाणा में कोहरे का यलो अलर्ट

हरियाणा में शीत लहर चलने से तापमान तेजी से नीचे आया। हिसार में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री तक पहुंच गया वहीं नारनौल का तापमान 1.5 डिग्री रहा। सोमवार को मौसम विज्ञानियों ने प्रदेश के 13 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।

तरनतारन में कमरे में अंगीठी जलाकर सोया परिवार, तीन की मौत

तरनतारन के गांव अलीपुर में ठंड से बचने के लिए कमरे में अंगीठी जलाकर सोये परिवार के तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई जबकि एक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मरने वालों में 21 वर्षीय अर्शदीप सिंह, उसकी 20 वर्षीय पत्नी जशनदीप कौर और दो महीने का बेटा गुरबाज सिंह शामिल हैं।

तरनतारन में एक सप्ताह में ही अंगीठी की जहरीली गैस से मौत की यह दूसरी घटना है। इससे पहले एक दंपती की भी मौत हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button