कई परिवारों के लिए आई आफत की बारिश, बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत

पश्चिमी यूपी में गुरुवार का दिन कई परिवारों के लिए काल बनकर आया। मेरठ, बिजनौर, बागपत, सहारनपुर और शामली में सुबह तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इस बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक बालिका सहित तीन लोगों की मौत हो गई। मेरठ और बागपत में बिजली गिरने से घरों के उपकरण भी फुंक गए। कई परिवार के लोग बाल-बाल बचे। वहीं ओलावृष्टि होने से गेहूं की फसल को लाभ मिला है। तो वहीं सरसों, चना, मटर, चारा आदि को नुकसान पहुंचा है। कई परिवारों के लिए आई आफत की बारिश, बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत

बता दें कि मेरठ में हस्तिनापुर क्षेत्र के गांव किशनपुर में गुरुद्वारे के पास साइकिल से घर लौट रहे किसान दरियालाल पुत्र मूलचंद निवासी रामराज की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। उधर, बिजनौर में भी बिजली गिरने से एक बालिका सहित दो लोगों की मौत हो गई।

बताया गया कि नहटौर थाना क्षेत्र के गांव समसपुर निवासी सुरेश कुमार (55) जंगल में पराली लेने गए थे। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से पहले पराली में आग लगी फिर उसके बाद मौके पर ही किसान की मौत हो गई। वहीं मंडावर थाने क्षेत्र के गांव रामजीवाला में शकील की पुत्री सुहाना (13) जंगल में बकरी चराने गई थी। उसकी भी बिजली गिरने से मौत हो गई। घटना की जानकारी लगने पर दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया।

गौरतलब है कि राजस्थान की तरफ से आ रही गर्म हवाओं ने दिन और रात का तापमान बढ़ा दिया, जिसने 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. यूपी शाही के अनुसार पहाड़ों और राजस्थान से आने वाली हवाओं के टकराव के बीच गुरुवार को तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं। 14 और 15 फरवरी को मौसम में काफी बदलाव दिखेगा। 18 से 20 फरवरी के बीच मौसम ठंडा रहेगा।

बता दें कि बुधवार को हल्के बादलों और धूप के बीच दिन भर आंखमिचौली चलती रही। दिन में मौसम गर्म रहा और हवा शांत रही। सीजन में दूसरी बार बुधवार का दिन सबसे गर्म रहा है।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन. सुभाष ने बताया अफगानिस्तान के ऊपर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। चक्रवाती हवा का सिस्टम दक्षिणी पाकिस्तान और उसके आसपास बना है। इनके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान और उसके आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। अगले तीन दिन पहाड़ों पर उत्तरी पश्चिमी मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और बारिश का अनुमान है। 18 से 20 फरवरी तक मौसम खराब रहने का अनुमान है।

Back to top button