ऑस्ट्रेलिया में काकाडू नौसैनिक अभ्यास में शामिल हुआ भारतीय युद्धपोत नीलगिरि

भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस नीलगिरि ऑस्ट्रेलिया में आयोजित सैन्य अभ्यास काकाडू के समुद्री चरण में भाग ले रहा है। नौसेना ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि पश्चिमी प्रशांत में विदेशी तैनाती के दौरान आईएनएस नीलगिरि ने काकाडू अभ्यास में हिस्सा लिया है।
इसका उद्देश्य सहयोगी देशों की नौसेनाओं के बीच आपसी तालमेल, सहयोग और समुद्री समझ को और मजबूत करना है। अभ्यास काकाडू ऑस्ट्रेलिया की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय नौसैनिक अभ्यास है, जिसमें हिंद-प्रशांत क्षेत्र की कई नौसेनाएं हिस्सा लेती हैं।
“तारागिरि” को नौसेना में शामिल करने की तैयारी
इस बीच स्वदेशी तकनीक से निर्मित अत्याधुनिक स्टेल्थ युद्धपोत “तारागिरि” को नौसेना में शामिल करने की तैयारी चल रही है। “तारागिरि” को तीन अप्रैल को विशाखापत्तनम में भारतीय नौसेना में शामिल किया जाएगा। इस समारोह की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। यह युद्धपोत भारत की “आत्मनिर्भर” नौसैनिक शक्ति बनने की दिशा में मील का पत्थर है।
“तारागिरि” प्रोजेक्ट 17ए (नीलगिरि क्लास) का चौथा युद्धपोत है। इसे मझगांव डाक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (एमडीएल) द्वारा निर्मित किया गया है। यह युद्धपोत “मेक इन इंडिया” की इंजीनियरिंग क्षमता का प्रतीक है। इसमें 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का उपयोग किया गया है।
भारतीय नौसेना का युद्धपोत आइएनएस नीलगिरि ने आस्ट्रेलिया में पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में आयोजित काकाडू 2026 अभ्यास में भाग लिया। इसमें अभ्यास में सहयोगी नौसेनाओं के साथ संयुक्त समुद्री अभियानों को प्रदर्शित किया गया।





