एमएससी प्रवेश परीक्षा में भी दबदबा टॉप-100 में 45 शामिल…

उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि प्रवेश परीक्षा (यूपीकैटेट) में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के छात्र-छात्राओं का दबदबा रहा है। पीएचडी प्रवेश परीक्षा में यहां के एमएससी छात्र विशाल पटेल अव्वल रहे हैं जबकि दूसरे स्थान पर सीएसए की ही छात्रा बलविंदर कौर ने बाजी मारी है। दोनों छात्र-छात्रा ने प्रदेश में अग्रणी आकर सीएसए का नाम रोशन किया है।
एमएससी की प्रवेश परीक्षा में भी विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं आगे रहे हैं। इस प्रवेश परीक्षा के टॉप-100 में 45 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इनमें अनिकेत राजपूत ने प्रदेश में दूसरी रैंक प्राप्त की है। इसके अलावा आसिफ अली ने सातवीं, अरविंद यादव ने आठवीं व मगन सिंह राजपूत ने 36वीं रैंक प्राप्त करके टॉप-50 में अपनी जगह बनाई है। इनके अलावा कुछ अन्य छात्र-छात्राएं भी टॉपर की श्रेणी में शामिल हैं।
सीएसए कराएगा यूपीकैटेट
सीएसए सत्र 2020-21 में उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि प्रवेश परीक्षा कराएगा। प्रवेश परीक्षा से लेकर काउंसिलिंग तक के कार्यक्रम सीएसए में तय होंगे। इसके लिए शासन जल्द नोटिफिकेशन जारी कर देगा। वहीं सत्र 2019-20 की प्रवेश परीक्षा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय अयोध्या ने आयोजित की है। इसकी ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया इस हफ्ते शुरू हो जाएगी।





