एचटी लाइन का तार छूने से बोलेरो लदे कंटेनर में लगी भीषण आग, करंट उतरने से चालक झुलस गया

अकबरपुर कोतवाली के बारा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास बुधवार रात मैदान में ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन छूने से बोलेरो लदे कंटेनर में भीषण आग लग गई। कंटेनर में करंट उतरने से चालक झुलस गया। जलते कंटेनर की चपेट में आकर नजदीक खड़े दो गैस टैकरों में भी आग लग गई। पांच गाडिय़ां लेकर पहुंचे दमकल जवानों ने छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ग्राम पट्टी, लालगंज प्रतापगढ़ निवासी चालक विजय पाल कंटेनर में छह नई बोलेरो लादकर बीना, भोपाल जा रहा था। बुधवार देर रात जिले के बारा में हाईवे पर एक पेट्रोल पंप के पास मैदान में कंटेनर खड़ा कर रहा था। कंटेनर बैक करते समय ऊपर से निकली एचटी लाइन के तार कंटेनर में छू गए। धमाके के साथ कंटेनर के टायर फट गए और आग लग गई। केबिन से कूदते समय चालक करंट की चपेट में आकर झुलस गया। आग लगने की सूचना पेट्रोल पंप कर्मियों ने दमकल को दी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी विश्वरूप बनर्जी माती से दो दमकल गाडिय़ां लेकर मौके पर पहुंचे। झुलसे चालक को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे कानपुर एलएलआर रेफर कर दिया गया। कंटेनर की आग बुझाने की कोशिश के दौरान नजदीक खड़े एक गैस भरे टैंकर व दूसरे खाली टैंकर में आग लग गई। भीषण आग लगने की जानकारी पर एसपी राधेश्याम, एएसपी अनूप कुमार पुलिस बल के साथ पहुंच गए।
आग काबू करने को एक दमकल कानपुर से मंगवाई गई। एचपीसीएल का फायर टैंकर व भोगनीपुर से फायर टैंकर लेकर भी दमकल कर्मी पहुंचे। छह घंटे की मशक्कत के बाद आग काबू की जा सकी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि तीन बोलेरो जल गईं जबकि तीन सुरक्षित बचा ली गईं। गैस टैंकर आंशिक जल गए।





