एकतरफा प्रेम में 11वीं की छात्रा की चाकू गोदकर बेरहमी से की हत्या

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से एकतरफा प्रेम में एक नाबालिग लड़की की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

एकतरफा प्रेम में 11वीं की छात्रा की चाकू गोदकर बेरहमी से की हत्यापुलिस के मुताबिक, गाजीपुर के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के बहुअरा गांव के रहने वाले अनिल राम की 16 वर्षीय बेटी अर्चना कुमारी गांव के ही एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ती थी. उसी गांव का निवासी रंजीत रावत उससे एकतरफा प्रेम करता था, लेकिन अर्चना उसे पसंद नहीं करती थी, जिसके चलते रंजीत ने उसकी हत्या कर दी.

घटना वाले दिन रोजाना की तरह अर्चना अपनी तीन सहेलियों के साथ स्कूल से लौट रही थी. इसी दौरान आरोपी रंजीत ने उसका हाथ पकड़ा और खींचते हुए जबरन एक मकान के अंदर ले गया. इससे पहले कि सहेलियों के शोर मचाने पर लोग जुटते रंजीत ने अर्चना के पेट में चाकू से कई वार कर दिए और फरार हो गया.

स्थानीय लोगों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी और जल्द ही उसे हत्या में इस्तेमाल चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया.

मृतका के पिता अनिल ने बताया कि रंजीत लगभग छह महीने से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था. उन्होंने बताया कि रंजीत के परिवार से भी उन्होंने इसकी शिकायत की थी, लेकिन लड़के के परिवार वालों ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया, जिसका नतीजा आज लड़की को अपनी जान गंवा कर देनी पड़ी.

पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा के अनुसार, “गिरफ्तार आरोपी युवक ने बताया कि वह छात्रा से एकतरफा प्यार करता था, लेकिन छात्रा उसकी अनदेखी कर दूसरों से बात करती रही. इसी के चलते उसे गुस्सा आया और उसने लड़की की चाकू मारकर हत्या कर दी.”

Back to top button