एक और किसान की मौत, फिर भड़की हिंसा

किसान आंदोलन की आग में झुलस रहे मध्य प्रदेश के शाजापुर में ताजा हिंसा की खबर है। एबीपी न्यूज के मुताबिक वहां भी किसानों ने हंगामा और आगजनी की है। इसके अलावा राजधानी भोपाल के फंदा टोल नाके पर भी किसानों के हंगामा करने की खबर है। किसानों ने वहां जमकर पत्थरबाजी की है। इसके बाद पुलिस उन्हें कदेड़ने में कामयाब रही है। भोपाल के पास सिहोर में भी पुलिस ने किसानों पर हवाई फायरिंग की है। इस बीच मंदसौर हिंसा में घायल एक और किसान की मौत हो गई है। पुलिस पिटाई में वो गंभीर रुप से घायल हो गया था और उसका इलाज चल रहा था। एमपी के रायसेन में एक किसान श्रीकृष्ण मीणा ने भी जहर खाकर खुदकुशी कर ली है। वो 12 लाख रुपये के कर्ज से परेशान थे। इनकी दो छोटी बेटी और एक बेटा है।

किसान की मौत

इधर, मंदसौर में आज (शुक्रवार को) प्रशासन ने कर्फ्यू में सुबह 10 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक ढील दी है। इसके बाद बाजारों में लोगों का आना-जाना शुरू हो गया है। लोग अपनी जरूरत का सामान खरीद रहे हैं। इसके साथ ही वहां जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौटता हुआ दिख रहा है। शहर में पेट्रोल पंप, सब्जी, फल और राशन की दुकानों पर लोग इकट्ठा होते दिखे। हालांकि, प्रशासन ने किसी भी तरह की सभा पर रोक लगा रखी है। इससे पहले प्रशासन ने गुरुवार को भी शाम में दो घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील दी थी। फिलहाल हालात को देखते हुए पुलिस दल भी शहर में गश्त कर रहा है।

मंदसौर के नए एसपी मनोज कुमार सिंह ने नई दुनिया से बातचीत में दावा किया है कि अब वहां स्थिति सामान्य है। उन्होंने बताया कि हिंसा फैलाने के आरोप में पुलिस ने अबतक कुल 156 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही एसपी ने कहा है कि किसी बी बाहरी व्यक्ति को शहर में घुसने नहीं देंगे। जबकि आम आदमी पार्टी ने एलान किया है कि उसकी टीम आज मंदसौर जाकर पीड़ित किसानों से मुलाकात करेगी।

नई दिल्ली में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी मंदसौर में किसानों पर हुई पुलिस फायरिंग के विरोध में रेल रोको आंदोलन चलाया । पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी कल मंदसौर किसानों से मिलने जदा रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें नीमच में ही हिरासत में ले लिया। हालांकि, रिहाई के बाद उन्होंने किसानों से मुलाकात की, ऐसा दावा किया गया है। इसबीच खबर है कि राहुल गांधी आज फिर मंदसौर जाकर किसानों से मिलने वाले हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button