उत्तराखंड : चुनाव मोड में आई भाजपा, मोदी और शाह करेंगे कई बड़ी सभाएं

देहरादून। लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश में भाजपा पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गई है। राष्ट्रीय व प्रांतीय नेताओं की मौजूदगी में हुई पार्टी की उच्चस्तरीय बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। इस पर कोर ग्रुप ने भी मुहर लगा दी।
भाजपा ने केंद्र व राज्य सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं के जरिये मतदाताओं को लुभाने का खाका तैयार किया है तो आचार संहिता लागू होते ही पार्टी के राष्ट्रीय और प्रांतीय नेताओं की सभाएं करने का निर्णय लिया है। इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की राज्य में बड़ी सभाएं तय की गई। इनकी तिथियां बाद में तय की जाएंगी।
पार्टी ने राज्य के 23 लाख घरों में संपर्क कर प्रत्येक परिवार तक प्रधानमंत्री मोदी का पत्र पहुंचाने का संकल्प भी लिया है। लोकसभा की पांच सीटों वाले उत्तराखंड में भाजपा के लिए लोस चुनाव खासे अहम हैं। 2014 के लोस चुनाव में पार्टी ने यहां की सभी सीटों पर परचम फहराया था।
इसके बाद विस चुनाव और फिर नगर निकाय व सहकारिता के चुनावों में भी भाजपा ने दमदार प्रदर्शन किया। अब ऐसा ही प्रदर्शन लोकसभा चुनाव में भी दोहराने की उसके सामने चुनौती है। यही कारण भी भाजपा यहां किसी प्रकार की कोई कोर -कसर नहीं छोड़ना चाहती।
राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से दो मार्च तक के जो कार्यक्रम तय किए थे, उनमें भाजपा को राज्यभर में अच्छा रिस्पांस मिला है। इस दरम्यान हर वर्ग तक पहुंचने की कोशिश की गई। साथ ही बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जा चुका है।
लोस चुनाव के लिए आगे की रणनीति तय करने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत समेत अन्य नेताओं ने बीजापुर गेस्ट हाउस में लगातार बैठकें की।
सुबह साढ़े नौ बजे से शाम साढ़े चार बजे तक महामंत्रियों, विस्तारकों, सोशल मीडिया प्रभारियों के साथ पांच बैठकें कर आगामी कार्यक्रम तय किए गए। आखिर में कोर गु्रप की बैठक की गई, जिसमें इन सभी पर मुहर लगा दी गई।
प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने बैठक के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि आचार संहिता लगते ही प्रदेशभर में पार्टी के केंद्रीय और प्रांतीय नेताओं की सभाएं आयोजित करने का निर्णय लिया गया। हर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले कस्बाई क्षेत्रों में प्रांतीय नेता सभाएं करेंगे, जबकि चार विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर एक जगह केंद्रीय नेता।
उन्होंने बताया कि इस दरम्यान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का भी यहां आना तय है। राज्यभर में उनकी बड़ी सभाएं आयोजित की जाएंगी। भट्ट के अनुसार विस क्षेत्रवार सभी सात मोर्चो के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। जगह-जगह किसानों की चौपाल भी लगेंगे। ओबीसी सम्मेलन भी होंगे।
उन्होंने बताया कि कोर ग्रुप की बैठक में इन सभी कार्यक्रमों को मंजूरी दे दी गई, क्योंकि आचार संहिता कभी भी लग सकती है। अब जल्द ही कार्यक्रमों की तिथियां तय की जाएंगी। उन्होंने बताया कि अपरिहार्य कारणों से अल्मोड़ा में त्रिशक्ति सम्मेलन नहीं हो पाया। वहां नौ व 10 मार्च तक सभी विस क्षेत्रों के त्रिशक्ति सम्मेलन करने का निर्णय लिया गया है। पार्टी ने प्रधानमंत्री का पत्र भी राज्य के 23 लाख घरों में पहुंचाने का निश्चय किया है।
इसमें आयुष्मान, किसान सम्मान निधि, मजदूरों को तीन हजार की पेंशन समेत अन्य केंद्रीय योजनाओं का जिक्र होगा। उन्होंने बताया कि 11 मार्च को प्रांतीय बैठक होगी, जिसमें प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन भी भाग लेंगे। इस बैठक में नेताओं के कार्यक्रमों के लिए संभावित तिथियां तय की जाएंगी।
एक सवाल पर उन्होंने कहा कि राज्य के सभी पार्टी सांसदों का कार्यकाल सुनहरा रहा है। एक अन्य प्रश्न पर उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर कहीं किसी प्रकार की कोई नाराजगी नहीं है।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू के अनुसार भाजपा चुनावी मोड में आ चुकी है। पिछले माह हमने कार्यक्रम दिए थे, उन्हें व्यापक समर्थन मिला है। अब आगामी कार्यक्रम तय किए गए हैं। आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र हर घर पर पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना बनाई है। पार्टी कार्यकर्ता राज्य के हर घर में जाकर प्रधानमंत्री का पत्र देंगे।





