इसे कहते हैं इंसान होना! रेगिस्तान में निढाल पड़ा था ऊंट, शख्स को देखकर आई दया, किया दिल जीतने वाला काम!

वक्त के साथ भले इस दुनिया से इंसानियत खत्म होती जा रही हो, पर सच तो ये है कि आज भी हमारे समाज में ऐसे बहुत से लोग हैं, जो इंसानियत की मिसाल हैं. वो सिर्फ साथी इंसानों की नहीं, बल्कि जीव-जंतुओं और प्रकृति की भी चिंता करते हैं और वक्त आने पर उनकी देखभाल या मदद करने से नहीं चूकते. ऐसा ही एक शख्स ने भी किया, जिसने रेगिस्तान में एक ऊंट को निढाल देखा, प्यास से तड़पते देखा तो उसे दया आ गई. वो उस ऊंट के पास गया और दिल जीतने वाला काम किया. दरअसल, उसने ऊंट को अपनी पानी की बोतल से पानी पिलाया.
ट्विटर अकाउंट @AMAZlNGNATURE अक्सर प्रकृति और जानवरों से जुड़े रोचक वीडियोज पोस्ट किए जाते हैं. हाल ही में ऐसा ही एक वीडियो शेयर किया गया है जिसमें एक ऊंट रेगिस्तान में सड़क के किनारे बैठा हुआ है. वो बेहाल दिखाई दे रहा है. ऐसा लग रहा है कि उसके अंदर जान ही नहीं बची है. जाहिर है कि इतनी गर्मी में भूखे-प्यासे किसी भी जीव की ऐसी हालत हो जाएगी. हालांकि, ऊंट अपनी पीट के हंप में पानी स्टोर कर लेते हैं और लंबे वक्त तक बिना पानी पिए रह सकते हैं.
ऊंट की मदद को आगे आया शख्स
एक शख्स वहां मौजूद है जो उस ऊंट का वीडियो बना रहा है. वो ऊंट के पास जाता है और अपनी पानी की बोतल से उसे पानी पिलाने लगता है. ऊंट भले कुछ न बोल पाए, पर आप गौर करेंगे कि पानी पीने के बाद अचानक से उसके अंदर ऊर्जा का संचार होते नजर आ रहा है. सामने एक ट्रक खड़ा है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वो कोई ट्रक वाला है, जो वहां से गुजर रहा होगा और तभी उसे ये ऊंट नजर आया होगा.





