आज ही लंच में बनाएं सबका मनपसंद मशरूम पसंदा…

छोटे-से दिखने वाले मशरूम में भरपूर मात्रा में पोषक तत्व पाए जाते हैं। तो क्यों न इस स्वादिष्ट मशरूम को अब आप भी नियमित रूप से अपनी मेन्यू का हिस्सा बना लें? आज हम आपके लिए पेश कर रहे हैं मशरूम पसंदा की रेसिपी।
सामग्री :
बटन मशरूम- 500 ग्राम
बारीक कटा प्याज- 2
बारीक कटा टमाटर- 5
बादाम- 20
बारीक कटा लहसुन- 6 कलियां
बारीक कटा अदरक- 2 चम्मच
बारीक कटी मिर्च- 2
जीरा- 1 चम्मच
दालचीनी- 1 टुकड़ा
तेजपत्ता- 1
साबुत काली मिर्च- 6
हल्दी पाउडर- 1/2 चम्मच
धनिया पाउडर- 1 चम्मच
कश्मीरी लाल मिर्च- 1-1/2 चम्मच
गरम मसाला पाउडर- 1 चम्मच
कसूरी मेथी- 1 चम्मच
चीनी- 1 चम्मच
क्रीम- 1/4 कप
केसर- चुटकी भर
दूध- 3 चम्मच
बटर- 1 चम्मच
तेल- 3 चम्मच
नमक- स्वादानुसार
पानी- आवश्यकतानुसार
विधि :
बादाम को रातभर पानी में भिगो लें। सुबह छिलका छीलकर उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। दूध को हल्का गर्म कर उसमें केसर डाल दें। पैन में तेल गर्म करें। उसमें अदरक, लहसुन व प्याज को सुनहरा होने तक भूनें। टमाटर, बादाम व हरी मिर्च डालें। टमाटर के मुलायम होने तक पकाएं। गैस ऑफ करें और मिश्रण को ठंडा होने दें। ग्राइंडर में प्याज-टमाटर के इस मिश्रण को डालें और बारीक पेस्ट बना लें। मशरूम को अच्छे से धोएं और टिश्यू पेपर पर फैला लें ताकि पानी सूख जाए। जो मशरूम बड़े आकार के हैं उन्हें काट लें। पैन में बटर गर्म करें। उसमें मशरूम को 6-7 मिनट तेज आंच पर पकाएं। जब मशरूम से पानी निकलना बंद हो जाए तो उन्हें पैन से निकाल लें। उसी पैन में तेल गर्म करें और जीरा, दालचीनी, तेजपत्ता व काली मिर्च डालकर कुछ सेकेंड भूनें, उसके बाद पैन में तैयार पेस्ट डालें और तीन से चार मिनट भूनें। पैन में हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालकर मिलाएं। अब पैन में मशरूम, नमक और तीन चौथाई कप गर्म पानी डालें। ग्रेवी को अच्छे से मिलाएं। जब उसमें उबाल आने लगे तो आंच धीमी करें और पांच मिनट मध्यम आंच पर पकाएं। ग्रेवी में चीनी, गरम मसाला पाउडर, कसूरी मेथी, केसर और क्रीम डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। तीन से चार मिनट तक और पकाएं। नान या परांठा के साथ गर्मागर्म पेश करें।





