आखिरी ओवर में हारा पाकिस्तान, पहला टी-20 छह रन से दक्षिण अफ्रीका के नाम

केपटाउन में खेले गए पहले टी-20 में मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को एक करीबी मुकाबले में मात दी। इस छह रन की हार के साथ ही पाकिस्तान का 11 टी-20 जीतने का रिकॉर्ड भी थम गया।आखिरी ओवर में हारा पाकिस्तान, पहला टी-20 छह रन से दक्षिण अफ्रीका के नाम

इसके पहले पाकिस्तान ने टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका को बल्ला थमाया। कप्तान फाफ डु प्लेसिस (78) और ओपनर रीजा हैंड्रिक्स (74) की अर्धशतकीय पारी के दम पर अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन बनाए।

पाकिस्तान की ओर से अनुभवी बल्लेबाज शोएब मलिक आखिरी ओवर तक टिके रहे, लेकिन सर्वाधिक 49 रन बनाने के बावजूद पाकिस्तान को जीत नहीं दिला पाए। पाकिस्तानी टीम 20 ओवर्स में 9 विकेट के नुकसान पर 186 रन ही बना पाई। 

दक्षिण अफ्रीका की ओऱ से शम्सी ने 33 रन देकर 2 विकेट लिए। मगर डेविड मिलर मैच के हीरो रहे उन्होंने चार कैच लपके और दो जबरदस्त डायरेक्ट हिट किए। दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अपना दूसरा टी-20 इंटरनेशनल मैच खेल रहे गिहान क्लोएटे को 13 रन के निजी योग पर इमाद वसीम ने पवेलियन भेज दिया।

क्लोएटे जब पवेलियन लौट उस समय दक्षिण अफ्रीका का कुल स्कोर 26 रन था। इसके बाद कप्तान फाफ डु प्लेसिस और रीजा हैंड्रिक्स ने पारी को संभाला। दोनों कुल स्कोर को 150 के पार ले गए।

131 रन की इस साझेदारी को तोड़ा तेज गेंदबाज उस्मान शिनवारी ने। शिनवारी ने डु प्लेसिस को कप्तान शोएब मलिक के हाथों कैच कराकर दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका दिया।

डु प्लेसिस ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 45 गेंदों पर 6 चौके और 4 छक्के लगाए। इसके बाद शिनवारी ने रासी वान डेर डुसेन को विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान के हाथों कैच कराकर दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका दिया। डुसेन खाता भी नहीं खोल सके।

शिनवारी ने रीजा हैंड्रिक्स को अपना तीसरा शिकार बनाया। हैंड्रिक्स ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 41 गेंदों पर 8 चौके और 2 छक्का लगाया। क्रिस मौरिस कुछ खास नहीं कर सके और हसन अली की गेंद पर बाबर आजम को कैच थमाकर चलते बने। उन्होंने एक रन का योगदान दिया।

डेविड मिलर 12 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें फहीम अशरफ की गेंद पर बाबर आजम ने कैच किया। हेनरिक क्लासेन और एंडिले फेहलुकवायो पांच-पांच रन बनाकर नाबाद लौटे। पाकिस्तान की ओर से उस्मान शिनवारी ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए जबकि इमाद वसीम, फहीम अशरफ और हसन अली ने एक-एक विकेट लिया।

Back to top button