आईपीएस अफसर ने अर्दली का जूता उतार ठीक की मोच, दरियादिली देखकर भावुक हुआ वह
लखनऊ: लॉकडाउन में ड्यूटी के साथ पुलिस इंसानियत का फर्ज भी निभा रही है। फिरोजाबाद जिले से दिल छू लेने वाली ऐसी ही तस्वीरें सामने आई है। यहां भ्रमण के दौरान एसडीएम सिरसागंज के अर्दली के पैर में मोच आई तो एएसपी ने खुद उसके पैर से जूता उतारकर ठीक किया। एएसपी की दरियादिली देखकर लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं। एएसपी की दरियादिली की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रही हैं।
आईपीएस अधिकारी डॉ. इरज राजा एमबीबीएस हैं और फिरोजबाद के सिरसागंज में बतौर सीओ (क्षेत्राधिकारी) तैनात हैं। बुधवार दोपहर को एएसपी और एसडीएम देवेंद्र पाल क्षेत्र में एक इंटर कॉलेज में बनाए जा रहे क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण करने गए थे। एसडीएम के साथ उनका अर्दली पदम भी चल रहा था। भ्रमण के दौरान अचानक अर्दली का पैर मुड़ गया। पैर में मोच आ गई। दर्द के कारण वो वहीं बैठ गया। उसको दर्द से कराहते देखकर एएसपी तुरंत उसके पास पहुंचे।
एएसपी डॉ. इरज राजा अर्दली के जूते का फीता खोलने लगे। अधिकारी को ऐसा करता देख अर्दली ने रोका तो एएसपी ने कहा कि सीधे बैठे रहें। एएसपी ने अर्दली के पैर का जूता उतारने के बाद झटका देकर मोच को ठीक कर दिया। बड़े अधिकारी की दरियादिली देखकर अर्दली भावुक हो गया। उसने हाथ जोड़कर एएसपी का धन्यवाद किया। आईपीएस अधिकारी की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें भी साझा कर रहे हैं।





