आईपीएल 2020 की टाइटल स्पॉन्सर बन सकती है पतंजलि, वीवो की ले सकती है जगह

नई दिल्ली। आईपीएल 2020 में वीवो को हटाने के बाद बीसीसीआई अब लीग के लिए नए प्रायोजकों की तलाश में हैं। ऐसे में खबर आ रही है कि योगगुरू बाबा रामदेव की आयुर्वेद कंपनी पतंजलि आईपीएल 2020 की टाइटल स्पॉन्सर बन सकती है।
दरअसल बाबा रामदेव की कंपनी आईपीएल में टाइटल स्पॉन्सर के लिए बोली लगाने पर विचार कर रही है। हालांकि अभी इस पर बीसीसीआई की ओर से कोई बयान नहीं आया है।
आईपीएल के टाइटल स्पॉन्सरशिप को लेकर पतंजलि के प्रवक्ता एसके तिजारावाला ने कहा कि हम इस पर विचार कर रहे हैं। यह वोकल फॉर लोकल के लिए है और एक भारतीय ब्रांड को ग्लोबल बनाने के लिए, यह सही मंच है। हम इस पर विचार कर रहे हैं।
वहीं इसके साथ ही तिजारावाला ने यह भी कहा कि पतंजलि का इस मुद्दे पर अंतिम फैसला लेना बाकी है। तिजारावाला ने कहा कि हमें एक अंतिम निर्णय लेना है, चाहे हम इसे ले या नहीं।
बता दें कि आईपीएल 2020 सीजन के लिए बीसीसीआई नए टाइटल स्पॉन्सर की खोज में आज टेंडर जारी कर सकता है। वीवो के जाने के बाद से आईपीएल की टाइटल स्पॉन्सशिप के लिए जियो, एमेजॉन, टाटा ग्रुप, ड्रीम 11 और बायजूस जैसी कंपनिया दिलचस्पी दिखा चुकी हैं। बीसीसीआई आईपीएल-13 के नए प्रायोजक के लिए पूरी पारदर्शिता और प्रक्रिया का पालन करेगी।
जानकारों के मुताबिक, वीवो की जगह टाइटल स्पॉन्सशिप हासिल करने के लिए वीवो की रकम 440 करोड़ से कम रकम लगानी होगी। कोई भी कंपनी इसमें आए यह हर किसी के लिए अच्छी स्थिति है।
बता दें कि वीवो ने 2018 से 2022 तक पांच साल के लिए 2190 करोड़ रुपये में (हर साल 440 करोड़ रुपए) आईपीएल टाइटल प्रायोजन अधिकार हासिल किए थे। अगले साल वीवो मुख्य प्रायोजक के रूप में लौट सकता है।
बता दें कि भारत में चाइनीज प्रोडक्ट्स का कड़ा विरोध हो रहा है। बता दें कि वीवो एक चीनी फोन निर्माता कंपनी है। गलवान घाटी में भारत और चीनी सैनिकों के बीच टकराव के बाद देश में मौजूदा भावनाओं के कारण बीसीसीआई को यह फैसला करना पड़ा है।





